चंदौली जिले के धानापुर थाना अंतर्गत कुसम्ही गांव में रविवार की देर शाम मंदिर में दर्शन करने गए युवक करंट लगने से अचेत हो गया। सूचना मिलने पर परिवार के लोग उसे अस्पताल ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में युवक ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिवार वालों में कोहराम मच गया।
कुसम्ही गांव निवासी शिवमुनि राम का बेटा बब्बन कुमार (19) घर के बगल में ही स्थित काली माता मंदिर पर रविवार की रात दर्शन-पूजन करने गया था। इस दौरान मंदिर में लटक रहे तार की चपेट में आ गया। उसने तार को हटाने की कोशिश की लेकिन करंट से वह अचेत हो गया। वहां मौजूद लोगों ने इसकी सूचना घर वालों को दी।
मौके पर पहुंचे घर वाले युवक को अस्पताल ले जाने लगे लेकिन रास्ते में युवक की मौत हो गई। मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया। बब्बन चार भाइयों में दूसरे नंबर पर था और छोटा भाई गोलू आठ वर्ष का है। बेटे की मौत से मां उर्मिला देवी, पिता शिवमुनि, भाई गोलू और बहनो का रो रो कर हाल बेहाल हो गया।