लंका थाना क्षेत्र अंतर्गत आदित्य नगर में तीन माह पहले खुले देशी शराब के ठेके को बंद कराने के लिए सोमवार को क्षेत्र की महिलाएं और बच्चे सड़क पर उतर आए। करौंदी-चितईपुर मार्ग पर चक्काजाम कर सभी ठेके को बंद कराने की मांग करने लगे। सभी का कहना था कि ठेके पर शराब पीकर लोग क्षेत्र की महिलाओं और लड़कियों से छेड़खानी करते हैं और विरोध करने पर मारपीट पर आमादा हो जाते हैं। लंका थानाध्यक्ष संजीव कुमार मिश्र ने सभी को आश्वस्त किया कि आगामी दस दिन के भीतर ठेका बंद करा दिया जाएगा।
आदित्य नगर में तीन महीने पहले देशी शराब का ठेका खुला था तो क्षेत्रीय लोगों ने काफी विरोध किया था। सोमवार को एक बार फिर क्षेत्र की महिलाएं और बच्चे सड़क पर उतर आए। सभी का कहना था कि ठेके पर शराब पीने वाले लोग आसपास के घरों में घुसकर चोरी करते हैं। इसके चलाते इलाके के लोग परेशान रहते हैं। चक्काजाम के कारण 11 से 12:30 बजे तक करौंदी से चितईपुर मार्ग पर आवागमन ठप रहा। विरोध करने वालों में दुर्गावती देवी, मंजू सिंह, निर्मला देवी, चंचला देवी, ललिता, मंजू पटेल, मनोरमा देवी, सावित्री देवी, कलावती आदि शामिल रहीं।