रोहनिया। मिर्जापुराद के छेतरी निवासी पल्लेदार ताराचंद्र की हत्या उसकी पत्नी ने प्रेमी के जरिए करवाई थी। वारदात के 23 दिन बाद रोहनिया थाने की पुलिस ने हत्यारोपी प्रेमी, उसके एक दोस्त और आरोपी पत्नी को गिरफ्तार किया। पुलिस की पूछताछ में पत्नी ने बताया कि पति आए दिन शराब पीकर मारता पीटता था। इससे परेशान होकर उसने य िकदम उठाया।
रविवार को सीओ सदर डॉ. चारू द्विवेदी ने मीडिया को बताया कि पति ताराचंद अक्सर शराब पीकर अपनी पत्नी कविता को मारता पीटता था। इससे तंग आकर कविता ने मायके गाजीपुर, करंडा के दीनापुर निवासी प्रेमी अजय कुमार के साथ पति की हत्या कर गंगा में फेंकने की योजना बनाई थी। जिससे लोगों को लगे की ताराचंद्र की कोरोना से मौत हो गई है और शव को गंगा में प्रवाहित करा दिया गया है।
योजना के अनुसार 20 मई को शीतला धाम मंदिर पर मुंडन कराने के लिए कविता ने अपने पति के साथ आने की सूचना अजय को दी थी, लेकिन बारिश होने के कारण कविता मुंडन कराने नहीं गई थी। अगले दिन 21 मई को कविता ने शीतला धाम मंदिर में अपनी बच्ची का मुंडन कराने गई। इस पर अजय अपने गांव के दोस्त दीपू के साथ शीतला धाम मंदिर पहुंच गया। अजय और दीपू ने कविता को बच्चों के साथ ऑटो में बैठाकर ससुराल भेज दिया जबकि ताराचंद्र को अपने साथ बाइक पर बैठाकर खनाव ले गए। खनाव में एक अस्पताल के पीछे ताराचंद्र को शराब पिलाकर हत्या कर दी।
रोहनिया इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार ने बताया कि मृतक के भाई सुनील ने आरोप लगाया था कि पत्नी ने ही हत्या करवाई है। इसी आधार पर पुलिस ने तफ्तीश शुरू की और सर्विलांस के माध्यम से घटना की तह तक पहुंची।