सोनभद्र जिले में बुधवार रात लगभग आठ बजे के करीब मौसम फिर बदल गया। अचानक धूल भरी आंधी से रास्ते में फंसे लोगों की मुसीबत बढ़ गई। घोरावल कोतवाली क्षेत्र के पेढ़ गांव में आंधी तूफान में घर पर पेड़ गिरने से दंपति समेत एक ही परिवार पांच लोगों समेत आधा दर्जन लोग घायल हो गए। देर रात नौ बजे उन्हें घोरावल सीएचसी में भर्ती कराया गया।
घायलों में तीन को गंभीर चोटें आने के कारण जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार पेढ़ गांव निवासी गुलाब (65), अपनी पत्नी फूलवंती (60), पुत्र संजय (35) और अन्य परिजन ऊषा (25) व किशन (8), पेढ़ निवासी मुश्ताक अंसारी बुधवार रात अपने अपने खपरैल के मकान में मौजूद थे। उसी समय तेज आंधी तूफान के साथ पानी बरसने लगा।
उसी दौरान यूकेलिप्टस का एक पेड़ घर पर गिर पड़ा और हादसे में घर में मौजूद पांचों लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस व एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को घोरावल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। फूलवंती व गुलाब को गंभीर चोटें आने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
घोरावल कोतवाली क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर बुधवार देर रात तेज आंधी तूफान के साथ बरसात होने से नगर एवं ग्रामीण इलाकों में तमाम जगहों पर पेड़ पौधे व बिजली के खंभे गिर पड़े। कुछ जगहों पर ओले भी पड़े हैं। घोरावल नगर एवं ग्रामीण इलाकों में रात करीब आठ बजे आंधी तूफान के साथ बारिश होने लगी।
नेवारी, पेढ़, विसुंधरी, धोवा, सरंगा, इमलीपुर समेत दर्जनों गांवों में पेड़ व बिजली के खंभे गिरने की सूचना मिल रही है। कुछ स्थानों पर मवेशियों के भी चपेट में आने से मरने की भी घटना हुई है।कई लोगों के घर पर भी पेड़ गिर पड़े हैं। तेज हवा से फसलों को भी नुकसान पहुंचा है।आंधी तूफान के बाद इलाके में बिजली आपूर्ति ठप हो गई है।