सिगरा स्टेडियम में दौड़ का अभ्यास करते खिलाड़ी। संवाद
यूपी एथलेटिक्स एसोसिएशन की ओर से प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में खेलने के लिए वाराणसी जिले की टीम का चयन 16 सितंबर को सिगरा के डॉ संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में होगा। इसमें जिले के छह से अधिक मैदानों में अभ्यास करने वाले करीब 200 से ज्यादा खिलाड़ी अलग-अलग इवेंट के दमखम दिखाएंगे।
वाराणसी जिला एथलेटिक्स संघ के सचिव रमेश कुमार यादव ने बताया कि चयन प्रक्रिया में अंडर-23 सीनियर वर्ग के खिलाड़ियों का ट्रायल लिया जाएगा। प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता 26 और 27 सितंबर को बरेली में आयोजित होगी। इनमें छठी यूपी स्टेट अंडर-23 एथलेटिक्स चैंपियनशिप और 29वीं यूपी स्टेट सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप शामिल है। प्रतियोगिता में पुरुष एवं महिला वर्ग में 100, 200, 400, 800, 1500, 5000 और 10000 मीटर दौड़, हर्डल्स, हाई जंप, लांग जंप, ट्रिपल जंप, शॉट पुट, डिस्कस थ्रो, जैवलिन थ्रो और हैमर थ्रो सहित विभिन्न स्पर्धाएं होंगी।
राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभाग का मिलेगा अवसर : अंडर-23 वर्ग में चयनित एवं योग्य खिलाड़ी 16 से 18 अक्तूबर तक जयपुर में होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे। वहीं, सीनियर वर्ग के विजेता खिलाड़ियों को 8 से 11 अक्तूबर तक नई दिल्ली में आयोजित 65वीं राष्ट्रीय ओपन सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।