वाराणसी। मौसम के तल्ख मिजाज और बिजली की अनियमित कटौती की वजह से मंगलवार को लोग दिनभर पसीने-पसीने होते रहे। वाराणसी शहर के एक बड़े हिस्से में दिनभर बिजली की आवाजाही लगी रही, वहीं पूर्वांचल के अन्य जिलों में बिजली की कटौती से लोग बेहाल रहे। सबसे खराब स्थिति मंडुवाडीह और लहरतारा इलाके की रही। मंडुवाडीह उपकेंद्र से सुबह नौ बजे से शाम छह बजे तक सप्लाई ठप रही। लोग पानी तक को तरस गए। स्विच गेयर बदलने के कारण बुधवार को भी सुबह 9:30 बजे से शाम 4 बजे तक मंडुवाडीह उपकेंद्र से जुड़े क्षेत्र में बिजली सप्लाई नहीं होगी।
डीरेका, चितईपुर, लहरतारा, बौलिया, मंडुवाडीह और चांदपुर आदि इलाके में दस घंटे तक बिजली नदारद रही। बिजली कटौती से इन क्षेत्रों में पेय जल का संकट रहा। उधर, चौकाघाट, दौलतपुर, पांडेयपुर, मछोदरी, संकुल धारा, लंका आदि इलाकों में भी बिजली की आवाजाही लगी रही। हालांकि इन इलाकों में ट्रांसफार्मर को राहत देने के लिए आधे-आधे घंटे की कटौती की गई। वहीं पक्का महाल, कबीरचौरा, पियरी, बेनियाबाग, नई सड़क, औरंगाबाद में लोकल फाल्ट से दो से पांच घंटे और भेलूपुर , साकेत नगर, नरिया, कंचनपुर आदि इलाकों में सुबह दो-तीन घंटे और शाम को दो घंटे बिजली गुल रही।