गोपालपुर, ज्ञानपुर, जहूराबाद के विधायकों के समर्थकों ने किया प्रदर्शन
- फोटो : अमर उजाला
पूर्वांचल में सपा में विधानसभा चुनाव के टिकट के लिए घमासान कम नहीं हो रहा है।
जिन विधायकों को टिकट नहीं मिले, उनके समर्थक मंगलवार को सड़क पर उतर आए।
आजमगढ़ जिले में गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री वसीम अहमद का टिकट काटकर नफीस अहमद को दिए जाने से नाराज समर्थकों ने बिलरियागंज में प्रदर्शन किया।
पुलिस ने इन पर लाठियां भांजी। आचार संहिता के उल्लंघन में 11 लोगों को हिरासत में भी लिया।
बाद में इन्हें निजी मुचलके पर छोड़ दिया गया। भदोही जिले के ज्ञानपुर से विधायक विजय मिश्र को टिकट न मिलने से नाराज समर्थकों ने अशोक कुमार दुबे के नेतृत्व में दुर्गागंज तिराहे पर मुख्यमंत्री के खिलाफ प्रदर्शन किया।
गाजीपुर जिले के जहूराबाद विधानसभा की विधायक और पूर्व मंत्री सैयद शादाब फातिमा को टिकट न दिए जाने से गुस्साए समर्थकों ने सपा के घोषित उम्मीदवार महेंद्र चौहान का पुतला फूंका।
महेंद्र चौहान वापस जाओ, नीरज शेखर और काशीनाथ यादव मुर्दाबाद के नारे लगाए। उधर, भाजपा प्रत्याशियों की सूची जारी होने के बाद अभी कहीं विरोध प्रदर्शन सामने नहीं आया है।