वाराणसी। पांडेयपुर क्षेत्र में गुरुवार की रात सिपाही अरुण सिंह को गोली मारने की घटना के ‘बदलापुर कनेक्शन’ की पुलिस जांच कर रही है।
बताया जा रहा है कि बदलापुर में तैनाती के दौरान अरुण का लेनदेन को लेकर कुछ लोगों से विवाद हुआ था। एसएसपी जोगेंद्र कुमार ने सीओ कैंट को घटना का खुलासा करने के लिए तीन दिन का अल्टीमेटम दिया है।
आजमगढ़ के जहानागंज के रहने वाले अरुण सिंह की तैनाती पूर्व में जौनपुर के बदलापुर थाने पर थी। तबादले के बाद पिछले दो महीने से वह वाराणसी के लक्सा थाने पर तैनात हैं।
गुरुवार की रात एक बजे कैं ट थाना क्षेत्र के लालपुर स्थित आवास पर जाते समय पांडेयपुर में उन्हें एक बदमाश ने गोली मार दी थी। एक गोली बांह और एक सीने में लगी। उन्हें मलदहिया स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शुक्रवार को अरुण का हाल जानने डीआईजी एसके भगत अस्पताल पहुंचे।
मामले की छानबीन में पुलिस को पता चला है कि लेनदेन को लेकर अरुण का बदलापुर के कुछ लोगों से विवाद था। इसी विवाद में उन्हें गोली मारे जाने की आशंका है। पुलिस ने इस बाबत बदलापुर पुलिस से भी संपर्क किया है। वहीं अरुण की पत्नी रेनू की तहरीर पर कैंट पुलिस ने एक अज्ञात बदमाश के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया है।
एसएसपी जोगेंद्र कुमार का कहना है कि सीओ कैंट विनोद सिंह को घटना का खुलासा करने के लिए तीन दिन का अल्टीमेटम दिया गया है। घटना के बदलापुर कनेक्शन की भी पड़ताल की जा रही है।