वाराणसी। लहरतारा पुलिस चौकी के समीप सड़क पर बस और ऑटो खड़ी कर सवारियां बैठाने और यातायात अव्यवस्था पर पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि पुलिस चौकी के पास इस तरह की अव्यवस्था कतई बर्दाश्त नहीं है। अवैध पार्किंग देख खफा पुलिस आयुक्त ने तुरंत सड़क खाली कराई।
रविवार को पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने लहरतारा–फुलवरिया मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान यह तथ्य सामने आया कि बस और ऑटो चालक सड़क किनारे व चौकी के आसपास अवैध रूप से वाहन खड़े कर सवारियों का इंतजार करते हैं, जिससे सड़क की प्रभावी चौड़ाई कम हो जाती है और बार-बार भीषण जाम की स्थिति उत्पन्न होती है। इस अव्यवस्था के कारण आमजन, स्कूली वाहनों, एम्बुलेंस व यात्रियों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि लहरतारा चौकी के आसपास किसी भी प्रकार की अवैध पार्किंग न होने दी जाए व बस, टेम्पो एवं प्राइवेट वाहनों द्वारा सड़क पर खड़े होकर यातायात बाधित करने पर सख्त कार्रवाई की जाए। यातायात पुलिस एवं स्थानीय थाना पुलिस को संयुक्त रूप से नियमित चेकिंग अभियान चलाकर अवैध रूप से खड़े वाहनों को तत्काल हटवाने, चालान व सीज की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही, बस एवं ऑटो चालकों को केवल निर्धारित स्टॉपेज व पार्किंग स्थलों का उपयोग करने के लिए निर्देशित किया।