पद्म विभूषण श्री चित्रकूट तुलसी पीठाधीश्वर जगतगुरु स्वामी रामभद्राचार्य ने राजनीति, समाज में जाति व्यवस्था और सरकार की नीतियों केप्रभावों पर खुल कर चर्चा की। शुक्रवार को लालगंज के तेंदुई जानकी कुंज दुर्गा मंदिर परिसर में उन्होंने सरकार की नई शिक्षा नीति की सराहना करते कहा कि नई शिक्षा नीति से व्यापक बदलाव आएगा। यह युवाओं में कल्चर, कैरेक्टर, करियर को बढ़ाने वाली है।
जाति व्यवस्था पर कहा कि पंथ अनेक हैं पर हम सब हिंदू एक हैं। हमारे देश में जातियां पहले भी थी लेकिन जातिवाद नहीं था। भगवान राम ने सबरी के बेर खाए, कृष्ण ने विदुरानी का साग। निषादराज को गले लगाना स्पष्ट करता है कि जातिवाद भारतीय समाज में नहीं था। भारत-पाकिस्तान और चीन के संबंधों पर कहा सरकार चीन के कब्जे से जमीन वापस लेगी। वहीं पाकिस्तान के कब्जे से आधे कश्मीर को मुक्त कराकर भारत का हिस्सा बनाया जाएगा। कश्मीर मुद्दे पर कहा कि धारा 370 को हटा कर सरकार ने देश की मंशा को साकार किया है। 35 ए, तीन तलाक जैसी समस्या के निराकरण से समाज को लाभ मिला है। वार्ता के दौरान उनके शिष्य रामचंद्र महाराज के साथ अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।