साइबर क्राइम थाने में पीड़ित ने दर्ज कराई प्राथमिकी
विज्ञापन
माई सिटी रिपोर्टर वाराणसी। शेयर बाजार में मुनाफे का लालच देकर साइबर जालसाजों ने दिलीप सिंह से 13 लाख रुपये ठग लिए। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। सिगरा थाना क्षेत्र के संत रघुवर नगर निवासी दिलीप सिंह ने पुलिस को बताया कि 2 जून को अदिति वर्मा नामक महिला ने उनसे व्हाट्सएप पर संपर्क किया था। उन्हें ''अपस्टॉक्स डीएमए ऐप'' के जरिये शेयर बाजार में निवेश कर बड़ा लाभ कमाने का झांसा दिया। 16 जून से 30 जुलाई के बीच यह ठगी हुई। 13 लाख की रकम अलग-अलग किस्तों में एप के माध्यम से स्थानांतरित कराई गई। यह लेनदेन पत्नी रुचिता सिंह के इंडियन बैंक बचत खाते से की गई थी। ठगी का अहसास होने पर साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई। 19 अगस्त को सिगरा थाने में मामला दर्ज किया गया। साइबर अपराध थाना प्रभारी निरीक्षक उदय वीर सिंह ने बताया कि जांच की जा रही है।
शेयर बाजार में निवेश से पहले सोच समझ लें, साइबर ठगी से बचें एडीसीपी साइबर क्राइम नृपेंद्र कुमार ने बताया कि शेयर बाजार में निवेश के नाम पर होने वाली साइबर ठगी से बचने के लिए हमेशा रजिस्टर्ड प्लेटफॉर्म का ही उपयोग करें। जालसाज फर्जी ग्रुप जैसे व्हाट्सएप या टेलीग्राम पर ''''सेबी रजिस्टर्ड'''' होने का झूठा दावा करते हैं। निवेश से पहले ब्रोकर का सेबी रजिस्ट्रेशन नंबर जरूर सत्यापित करें। किसी व्यक्ति के पर्सनल बैंक अकाउंट में निवेश का पैसा कभी न भेजें। कोई भी ट्रेडिंग ऐप केवल गूगल प्ले स्टोर या एप्पल ऐप स्टोर से ही डाउनलोड करें। ठगी होने पर तुरंत नेशनल साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें। ऑनलाइन पोर्टल cybercrime.gov.in पर जाकर शिकायत दर्ज कराएं।