बीएचयू एमएससी (कृषि) की प्रवेश परीक्षा एक बार फिर से विवादों में घिर गई है। गुरुवार को केंद्रीय कार्यालय पहुंचे छात्रों का आरोप है कि दो परीक्षा केंद्रों पर हुई प्रवेश परीक्षा में जमकर नकल हुई है। यही वजह है कि उन्हीं केंद्रों के अभ्यर्थी मेरिट में शामिल हैं। छात्रों के रोलनंबर और पंजीकरण भी एक ही क्रम से हैं। छात्रों ने इसकी शिकायत कृषि विज्ञान संस्थान के निदेशक और संकाय प्रमुख से भी की है।
बता दें कि दो जून को एमएससी (कृषि) की प्रवेश परीक्षा वाराणसी सहित दिल्ली, कोलकाता, चेन्नई, हैदराबाद, लखनऊ, गोरखपुर, भोपाल, गुवाहाटी, कोची, जयपुर, भुवनेश्वर और इलाहाबाद में आयोजित कराई गई जिसमें साढ़े सात हजार अभ्यर्थी शामिल हुए। छात्रों का आरोप है कि कोलकाता और भुवनेश्वर में हुई प्रवेश परीक्षा में धांधली हुई है, तभी इन दो केंद्रों के ही अभ्यर्थी मेरिट लिस्ट में शामिल हैं।
कोलकाता में सेंट माइकल एकेडमी में हुई प्रवेश परीक्षा के अभ्यर्थी शुरुआत की मेरिट लिस्ट में शामिल हैं। इसके बाद की मेरिट लिस्ट में भुवनेश्वर केंद्र पर परीक्षा देने वाले अभ्यर्थी हैं। महज दो सेंटरों के छात्रों का मेरिट लिस्ट में नाम होना ही पूरे मामले में संदेह पैदा कर रहा है। छात्रों ने मांग की है कि प्रवेश परीक्षा निरस्त की जाए और मामले की जांच हो। इस मामले में कुलसचिव व परीक्षा नियंता डॉ. केपी उपाध्याय का कहना है कि छात्रों की शिकायत संज्ञान में आई है। इसकी जांच कराई जा रही है।