बीएचयू में भारतीय मूल की अमेरिकी शोध छात्रा से रेप के प्रयास एवं लूट के मामले में पुलिस ने घटना के 20 दिन बाद मंगलवार को लंका क्षेत्र से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इसमें मुख्य आरोपी भी शामिल है। उसके कब्जे से पुलिस ने शोध छात्रा से लूटा गया मोबाइल भी बरामद करने का दावा किया है, जबकि पकड़े गए अन्य आरोपी वही हैं, जिन्हें पूछताछ के लिए पुलिस ने पहले हिरासत में ले लिया था। फरार अन्य दो आरोपियों की पुलिस तलाश कर रही है।
शोध छात्रा 22 अप्रैल की शाम साढ़े सात बजे अपने एक दोस्त के साथ बीएचयू में आईआईटी कैंपस के पास टहल रही थी। इसी दौरान पांच युवकों ने हमला बोल दिया। रेप का प्रयास किया और मोबाइल और चेन लूट ले गए थे। एसपी सिटी ने बताया कि घटना की छानबीन में क्राइम ब्रांच और लंका पुलिस को पता चला कि सीरगोवर्धनपुर निवासी नारायण, पवन उर्फ गोलू, कल्लू, मयंक समेत पांच युवक इस घटना में शामिल थे। मुख्य आरोपी कल्लू था। पवन (18) और नारायण (19) को हिरासत में लिया गया था।
पूछताछ के बाद मंगलवार को इन दोनों के साथ ही मुख्य आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास से शोध छात्रा का मोबाइल भी बरामद हुआ। अन्य दोनों आरोपियों के पास से भी लूट के दो मोबाइल मिले हैं। नारायण ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि वह बीएचयू के विश्वनाथ मंदिर के पास चाय की दूकान पर काम करता है। घटना की रात वह दूकान बंद होने के बाद घर जा रहा था। आईआईटी कैंपस के पास उसे कल्लू, पवन और नारायण मिले। इसी दौरान छात्रा अपने दोस्त के साथ टहल रही थी।
कल्लू ने टार्च जलाकर उन्हें रोका और छात्रा के गले से चेन छीन ली। छात्रा ने विरोध किया तो वह छेड़खानी पर उतर आया। इसी दौरान छात्रा पुलिस को फोन करने लगी तो आरोपियों ने उसका मोबाइल भी छीन लिया। छात्रा के दोस्त के साथ मारपीट भी की। इस गिरफ्तारी में क्राइम ब्रांच के एसपी सिंह, सुनील वर्मा तथा लंका थानाध्यक्ष रमेश यादव शामिल थे। एसएसपी जोगेंद्र कुमार का कहना था कि फरार दो आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।