वाराणसी। बिरहा गायक पद्मश्री स्व. हीरालाल यादव की स्मृति में नागरी पत्रिका का विमोचन रविवार को हुआ। इस अवसर पर बिरहा सम्राट के तैलचित्र का लोकार्पण भी नागरी प्रचारिणी सभा में किया गया। यह तैलचित्र नागरी प्रचारिणी सभा में लगाया जाएगा।
रविवार को किसान फाउंडेशन व नागरी प्रचारिणी सभा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान हीरालाल यादव को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम की शुरुआत कवि मंगल ने हीरालाल पर आधारित गीत उड़ गया पंछी कहां न जाने, करके पिंजरा खाली... सुनाकर किया। बिरहा गायक शारदा ने भी गीत सुनाए। अध्यक्षता करते हुए गीतकार हरिराम द्विवेदी ने कहा कि यह पत्रिका लोक विधा की कुंजी है। इसमें लोक साहित्य एवं हीरालाल के पूरे व्यक्तित्व का वर्णन किया गया है।
मुख्य अतिथि पोस्ट मास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि काशी लोककला, दर्शन, गीत-संगीत की रसमंजरी है। हीरालाल बिरहा के रसिया थे। उनकी गायकी राष्ट्रीयता से ओतप्रोत थी। इस दौरान डॉ. जितेंद्र मिश्र, सभाजीत शुक्ला, हीरालाल यादव के पुत्र रामजी, शंकर नंदू भगत, किशन जायसवाल, प्रो. सर्वेशानंद, प्रो. दयानंद यादव, डॉ. राजेंद्र, डॉ. उमाशंकर यादव, अशोक यादव, डॉ. दुर्गा प्रसाद श्रीवास्तव, चपाचप बनारसी आदि मौजूद रहे।