नवागत डीएम विजय किरण आनंद ने रविवार को हरहुआ विकास खंड के आयर गांव का दौरा कर मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। गांव के आंगनबाड़ी केंद्रों पर तमाम तरह की खामियां मिलीं, जिस पर उन्होंने सीडीपीओ रमेश कुमार यादव और डीपीओ नीलम मेहता को फटकार लगाई। चेताया कि काम में लापरवाही न बरतें। साथ ही एक माह के अंदर व्यवस्था सुधारने की हिदायत दी। दरअसल, इस गांव को डीएम ने राज्य पोषण मिशन के तहत गोद लिया हुआ है।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत जिलाधिकारी सुबह 9 बजे आयर गांव पहुंचे। यहां संकुल भवन पर जिले और ब्लाक के अधिकारी मौजूद थे। डीएम ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों से सफाई के दस बिंदुओं के बारे में पूछा तो कोई भी जबाब नहीं दें सकीं। इसी तरह बच्चों को गाड़ियों के चित्र दिखाकर उनके नाम पूछे तो कोई बच्चा ठीक से जवाब नहीं दे पाया। इस पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए सीडीपीओ से कार्यकत्रियों के प्रशिक्षण के विषय में जानकारी मांगी।
साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को फटकार लगाते हुए ईमानदारी से काम करने की नसीहत दी। इसके बाद वह मुसहर बस्ती पहुंचे। यहां कच्चे मकान और लोगों की हालत देख बीडीओ उमा देवी गुप्ता और सचिव अनिल श्रीवास्तव पर बिफर पड़े और जल्द से जल्द बस्ती में पक्के मकान बनवाने का निर्देश दिया। इसी तरह मंडी परिषद में संचालित आंगनबाड़ी केंद्र पर गंदगी फैली थी। उन्होंने इस केंद्र को स्थानांतरित करने का निर्देश दिया।