सोंधी के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. रमेश चंद्रा ने बताया कि कोरोना से संक्रमित मिले सभी पुलिसकर्मियों को कोविड-19 अस्पताल भेजा जा रहा है। रविवार को थाने को सैनिटाइज कराया जाएगा। उनके संपर्क में आए अन्य लोगों की पहचान कर उनका भी सैंपल लिया जाएगा। वहीं जिला अस्पताल में त्वचा रोग विशेषज्ञ की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। ट्रूनट मशीन से उनकी जांच कराई गई थी। रिपोर्ट आने के बाद डॉक्टर को बीएचयू में भर्ती कराया गया है।
सीएमओ डॉ. राकेश कुमार ने बताया कि चिकित्सक की सांस फूल रही थी। लिहाजा उन्हें बीएचयू भेज दिया गया है। टीबी अस्पताल का एक्सरे टेक्निशियन भी कोरोना से संक्रमित मिला है। उधर, रामपुर ब्लाक के राईपुर गांव निवासी युवक 30 जून को मुंबई से आया था सभी होम क्वारंटीन में थे। चार जुलाई को परिवार के सात सदस्यों का सैंपल रामपुर पीएचसी पर लिया गया था। शनिवार को सभी की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद गांव में हड़कंप मच गया है।
प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. प्रभात यादव ने बताया कि सभी को कोविड-19 अस्पताल भेजा जा रहा है। इसी ब्लाक के सपही गांव में वृद्धा और ठाठर गांव निवासी युवक की रिपोर्ट भी पॉजिटिव है। सिंगरामऊ के बछुआर गांव में चार जुलाई को पॉजिटिव मिले शख्स का पुत्र भी कोरोना से संक्रमित हुआ है। इस गांव में अब तक सैनिटाइजेशन न होने से ग्रामीणों में भय बना हुआ है।
धर्मापुर ब्लाक के गौराबादशाहपुर कस्बे में एक व्यापारी दस दिन पूर्व कोरोना से संक्रमित पाया गया था। इसके बाद व्यापारी के परिवार और पास-पड़ोस के लोगों का सैंपल लिया गया है। व्यापारी के परिवार में तीन सदस्यों सहित 12 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। चोरसंड सीएचसी के अधीक्षक डॉ. मनोज कुमार ने बताया कि स्वास्थ्य टीम को गांव में भेजा गया है। सभी को कोविड-19 अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है।
कंटेन्मेंट एरिया बनाकर सील किया जाएगा। बदलापुर में कपड़ा व्यापारी और दाउदपुर निवासी एक अधेड़ की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। इनके अलावा मड़ियाहूं के ताजुद्दीनपुर, मछलीशहर के अरुआंवा, जलालपुर के कोतवालपुर, केराकत के सरायबीरु, विशेषरपुर, बदलापुर उदपुर गेल्हवा, गोसाईगंज, शाहगंज, बरसठी में भी एक-एक व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
डीएम दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि सभी नए मरीजों को कोविड-19 अस्पताल में भर्ती कराते हुए उनके संपर्क में आए लोगों की पहचान कराई जा रही है। उनके घर के आसपास के क्षेत्र को कंटेन्मेंट एरिया में शामिल करते हुए सैनिटाइजेशन व स्वास्थ्य परीक्षण के निर्देश दिए गए हैं।