वाराणसी। जिले में गर्मी अपना रौद्र रूप दिखाने लगी है। इसी बीच बुधवार को लू से पीड़ित पहले मरीज को जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है, जबकि डायरिया का भी एक गंभीर मामला सामने आया है। लोहामंडी, मलदहिया निवासी गुड्डू (उम्र 50 वर्ष) तेज बुखार की शिकायत के बाद जिला अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर लाए गए। जांच में उनका तापमान 104 डिग्री पाया गया।
चिकित्सकों ने तत्काल उपचार शुरू कर उन्हें हीट वेव वार्ड में भर्ती कर लिया। वहीं दूसरी ओर नक्खीघाट क्षेत्र से ढाई वर्ष का मासूम कान्हा डायरिया की शिकायत के साथ अस्पताल पहुंचा। डॉक्टरों ने बच्चे का इलाज कर उसे वार्ड में भर्ती कर लिया है। अस्पताल के सीएमएस डॉ. आरएस राम ने बताया कि अस्पताल में आने वाले सभी मरीजों के इलाज की व्यवस्था की गई है। लू व अन्य मौसमी बीमारियों से बचाव के लिए अलग वार्ड बनाए गए हैं। संवाद