सेवापुरी और बड़ागांव ब्लॉक में होेने वाले पहले चरण के पंचायत चुनाव के पहले दिन सोमवार को 568 उम्मीदवारों ने नामांकन किया। कलेक्ट्रेट के एडीएम प्रशासन कोर्ट में जिला पंचायत सदस्य के लिए सेवापुरी ब्लॉक की 5 सीटों पर 35 और बड़ागांव ब्लॉक की 5 सीटों पर 26 लोगों ने पर्चे दाखिल किए।
इनके अलावा सेवापुरी ब्लॉक में 119 क्षेत्र पंचायत सदस्य (बीडीसी) सीट के लिए 247 और बड़ागांव ब्लॉक में 116 बीडीसी सीट के लिए 260 लोगों ने नामांकन किया।
कलेक्ट्रेट में जिला पंचायत सदस्य सीट के लिए सुबह 8 से शाम 4 बजे तक नामांकन होना था लेकिन औपचारिकता के चलते प्रत्याशियों का पर्चा दाखिल कराने में शाम 6 बज गए।
भारी फोर्स की मौजूदगी में प्रत्याशियों को बैरिकेडिंग से होकर गुजारा गया। सुरक्षा के मद्देनजर गाड़ियों और समर्थकों को नामांकन स्थल से पहले ही रोक दिया गया था। गहमागहमी के बीच प्रत्याशियों ने नामांकन किया। इस दौरान कलेक्ट्रेट में नामांकन कक्ष में घुसने को लेकर सुरक्षाकर्मियों और प्रस्तावकों से हल्की नोकझोंक भी हुई।
पंचायत एवं निकाय के सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी राजाराम वर्मा ने बताया कि मंगलवार को भी कलेक्ट्रेट, सेवापुरी और बड़ागांव ब्लॉक में नामांकन होगा। पहले चरण के चुनाव के लिए 9 अक्तूबर को मतदान होगा।