प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 22 जनवरी को विकलांगों को ट्राइ साइकल और व्हीलचेयर सहित उनकी जरूरत के उपकरण बांटेंगे। इन उपकरणों की पहली खेप रविवार की सुबह काशी पहुंच गई।
एक साथ 18 ट्रकों में लदा सामान डीरेका इंटर कालेज के मैदान पर उतारा गया। अभी 122 ट्रक सामान और आने हैं। मालूम हो कि 22 की दोपहर पीएम मोदी यहां सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय की पहल पर आयोजित कार्यक्रम में अपने संसदीय क्षेत्र में दस हजार विकलांगों को उपकरण बांटकर गिनीज बुक में नाम दर्ज कराएंगे।
पीएम के आगमन को लेकर चल रही तैयारियों को देखने रविवार को एसएसपी आकाश कुलहरि, एडीएम सिटी विंध्यवासिनी राय, यातायात पुलिस अधीक्षक बीएन तिवारी डीरेका मैदान पहुंचे। उनके साथ जिला विकलांग कल्याण अधिकारी रणजीत भी थे। अधिकारियों ने बताया कि विकलांगों को बांटने वाले उपकरण इस सप्ताह के अंत तक यहां आ जाएंगे। कुल 140 ट्रक सामान है।
पहली खेप 18 ट्रकों में भरकर आ गई है। शेष उपकरण भी जल्द ही आ जाएंगे। बताया कि ट्राइ साइकल और व्हील चेयर को यहीं मैदान पर असेंबल किया जाएगा। मालूम हो कि 9720 विकलांगों को उनकी जरूरत के अनुसार उपकरण बांटेंगे। इनमें 3216 विकलांगों को ट्राइ साइकल, 774 को व्हीलचेयर, 26 को स्मार्ट फोन, 44 को टैबलेट, 2290 को कान की मशीन, 430 को मंदबुद्धि किट, 727 को ब्रेल स्टिक, 1734 को बैसाखी, 479 कृत्रिम अंग दिए जाएंगे।