किसी भी छात्र के लिए छात्रवृत्ति का बड़ा महत्व है। समय-समय पर मिलने वाली छात्रवृत्ति से पढ़ाई की राह आसान होती है। बीएचयू में एमएससी प्रथम वर्ष के छात्र सौरभ कुमार को अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से मिलने वाली अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति दो बार मिल चुकी है। इस धनराशि से सौरभ ने कुछ प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए फार्म भरा और किताबें भी खरीदी।
बनारस के विवेक बिहार कालोनी निवासी राजेश कुमार और मधुरानी के सुपुत्र सौरभ का कहना है कि इसके पहले कक्षा आठ से दसवीं तक यूपी कॉलेज से 200 रुपये प्रतिमाह की छात्रवृत्ति मिल चुकी है। इसके बाद दसवीं में जिले में तीसरा स्थान पाने पर प्रदेश सरकार ने छह हजार रुपये का स्कॉलरशिप दिया तो आगे बढ़ते रहने की प्रेरणा मिली। सौरभ ने बताया कि बीएससी में 74.5 प्रतिशत अंक के साथ सफलता अर्जित किया और इसके पहले 2014 और 2015 में 10-10 हजार की छात्रवृत्ति अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से मिली थी। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए किताबें खरीदने के साथ ही फार्म भी इसी धनराशि के जरिए भरा। बताया कि बीएचयू की पढ़ाई पूरी कर शाम पांच बजे आने के बाद हर दिन शाम 7 से 9 बजे तक बच्चों को ट्यूशन पढ़ा रहे हैं।
अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से होने वाली अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा-2016 के लिए अभ्यर्थी 31 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। हाईस्कूल के मेधावियों को 30 हजार, इंटरमीडिएट के मेधावियों को 50 हजार रुपये की छात्रवृत्ति दी जाएगी। यूपी बोर्ड से 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थी, जो कि पिछली वार्षिक परीक्षा में न्यूनतम 60 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हों, उनकी वार्षिक पारिवारिक आय डेढ़ लाख रुपये से कम हो, आवेदन के लिए पात्र होंगे। अभ्यर्थी वेबसाइट foundation.amarujala.com या अमर उजाला की वेबसाइट amarujala.com के जरिये आवेदन कर सकते हैं। छात्र-छात्राओं को प्रवेशपत्र ऑनलाइन ही मिलेगा।