फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

छठ और देव दीपावली की तैयारियों पर अधिकारियों का पूरा फोकस हो : मेयर

विज्ञापन
Photo Title - फोटो : samvad
विज्ञापन
डाला छठ और देव दीपावली को लेकर नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को मेयर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल की संयुक्त अध्यक्षता में हुई बैठक में शहर के प्रमुख घाटों, कुंडों और तालाबों की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के साथ चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की गई। मेयर ने वर्षा जलभराव, दुर्गापूजा, रामनगर रामलीला, भरत मिलाप और एयर शो के दौरान बेहतर कार्य करने वाले अधिकारियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि अब सभी अधिकारियों का पूरा ध्यान डाला छठ और देव दीपावली की तैयारियों पर होना चाहिए।
विज्ञापन

घाटों और कुंडों के निरीक्षण के निर्देश
मेयर ने सभी जोनल अधिकारियों को अपने-अपने जोन का नोडल अधिकारी नियुक्त करते हुए जिम्मेदारी सौंपी। उन्हें नमो घाट से सामने घाट तक, रामनगर क्षेत्र के घाटों, वरुणा नदी के पक्के घाटों और नगर क्षेत्र के सभी कुंडों व तालाबों का बारीकी से निरीक्षण करने के निर्देश दिए। कहीं भी टूट-फूट, मलबा या गंदगी मिलने पर तत्काल दुरुस्त कराने को कहा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पर्याप्त संख्या में उच्च गुणवत्ता वाले चेंजिंग रूम बनाने, प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने और दलदल वाले स्थानों पर बालू भरी बोरियां रखने के निर्देश भी दिए, ताकि आवागमन में परेशानी न हो।
लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई : नगर आयुक्त
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने अभियंताओं और स्वास्थ्य निरीक्षकों को लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पशु चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिया कि घाटों पर छुट्टा पशु विचरण करते न मिलें। ऐसा पाए जाने पर उन्हें तत्काल पकड़कर जुर्माना लगाया जाए। वहीं, जोनल स्वच्छता अधिकारियों को नाव और पैदल गश्त कर घाटों की सफाई की निगरानी करने को कहा गया।
विज्ञापन

15 दिसंबर तक सुंदरीकरण कार्य पूरा करने की चेतावनी
मेयर ने स्मार्ट सिटी के मुख्य अभियंता से सोनिया तालाब के सुंदरीकरण कार्य की प्रगति जानी। देरी पर नाराजगी जताते हुए ककरमत्ता तालाब, जेपी मेहता एथलीट प्ले ग्राउंड और पद्म पुरस्कार विजेताओं की गलियों का सुंदरीकरण हर हाल में 15 दिसंबर तक पूरा करने के निर्देश दिए। नगर निगम के मुख्य अभियंता सुरेश चंद्र के अधीन चल रहे गली सुंदरीकरण कार्यों की धीमी गति पर भी नाराजगी जताई और संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें