वाराणसी। मुंबई में आए चक्रवाती तूफान ताउते का असर अब दिखने लगा है। सोमवार रात बूंदाबांदी के बाद मंगलवार भोर में तेज हवा संग झमाझम बारिश होने से मौसम खुशनुमा हो गया। मौसम विभाग के अनुसार 24 घन्टे में 12 मिलीमीटर बारिश हुई है।
पिछले कई दिनों से उमस झेल रहे लोगो को मंगलवार सुबह की झमाझम बारिश से राहत तो मिली लेकिन बारिश इतनी तेज थी कि सड़क के साथ ही महिला अस्पताल, आयुर्वेद कालेज,मंडलीय अस्पताल परिसर समेत कई जगह पानी भी जमा हो गया। इस वजह से लोगो को परेशानी का सामना करना पड़ा।
मंगलवार सुबह बारिश के बाद दिन भर बादलों की आवाजाही जारी रही। हालांकि नम हवा चलने से उमस भी नही हुई। मौसम में बदलाव का असर रहा कि अधिकतम तापमान में भी 9 डिग्री की कमी दर्ज की गई। सोमवार को अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस की जगह मंगलवार को 32डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जबकि न्यूनतम तापमान भी 28 डिग्री से कम होकर 22 तक पहुंच गया।
मौसम वैज्ञानिक एसएन पांडेय ने बताया कि चक्रवाती तूफान हालांकि पश्चिम की ओर जा रहा है, लेकिन अभी वाराणसी समेत पूर्वांचल के कई जिलों में अगले दो-तीन दिनों तक तेज हवा के साथ बूंदाबांदी भी होने की संभावना बनी है। इसमे कुछ जगहों पर तेज बारिश भी हो सकती हैं।