बहन की विदाई के लिए दोस्त के साथ जा सामान लेने रहे टिकरी निवासी गुड्डू पटेल (40) की बाइक को रविवार को एनएच दो पर राजातालाब में एक ट्रक ने पीछे से जोरदार धक्का मारा। जिसके चलते अनियंत्रित हुई बाइक से गुड्डू और उसका दोस्त राजेश छिटक कर सड़क पर जा गिरे। इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रक ने गुड्डू को कुचल दिया और मौकै पर ही उसकी मौत हो गई। वहीं, राजेश गंभीर रूप से घायल हो गया है। सूचना पाकर पहुंची रोहनिया पुलिस ने गुड्डू के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और राजेश को मंडलीय अस्पताल भेजवाया। दुर्घटना के समय गुड्डू और राजेश ने हेलमेट नहीं पहन रखा था।
लंका थाना क्षेत्र के टिकरी का गुड्डू अपने दोस्त नरोत्तमपुर केे राजेश की बाइक पर बैठकर राजातालाब जा रहा था। गुड्डू की बहन की विदाई होने वाली थी इसलिए उसे सामान खरीदना था। राजातालाब पहुंचते ही वाराणसी से इलाहाबाद की ओर जा रहे ट्रक ने बाइक के पीछे जोरदार टक्कर मारी। सड़क पर गिरे गुड्डू के ऊपर ट्रक का पहिया चढ़ गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना के बाद ट्रक छोड़कर चालक भाग निकला। उधर, घटना की जानकारी पाकर गुड्डू की पत्नी शीला और उसकी दो बेटियों व एक बेटे का रो-रोकर बुरा हाल था। शीला बार-बार यही कहते हुए अचेत हो जा रही थी कि उसने गुड्डू को रविवार को सामान लेने जाने से मना किया था लेकिन वह माना नहीं। हादसे के कारण एनएच दो पर आधा घंटे तक आवागमन प्रभावित रहा।