सिगरा, रोहनिया और लालपुर-पांडेयपुर थाना प्रभारियों को शाबाशी
विज्ञापन
माई सिटी रिपोर्टर वाराणसी। यातायात व्यवस्था के अभियान में बुधवार को रामनगर, चौक और चौबेपुर थाना प्रभारियों का खराब प्रदर्शन रहा। पुलिस आयुक्त ने तीनों थाना प्रभारियों को चेताया और बृहस्पतिवार को दोबारा अपने-अपने थाना क्षेत्रों में अभियान चलाने का निर्देश दिया है। सिगरा इंस्पेक्टर संजय कुमार मिश्रा, रोहनिया इंस्पेक्टर राजू सिंह और लालपुर-पांडेयपुर थाना प्रभारी राजीव सिंह के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर शाबाशी दी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बिना नंबर, गलत नंबर प्लेट और गलत दिशा में चलने वाले वाहनों के खिलाफ कमिश्नरेट में अभियान के दौरान 100 वाहनों को सीज कर 186 का चालान किया गया। गलत दिशा में चलने पर 30 वाहनों को सीज कर 531 का चालान और अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर 461 चालान किए गए। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने बताया कि सिगरा थाना क्षेत्र में गलत साइड चलने पर 31 वाहन का चालान और 8 सीज, बिना नंबर प्लेट के 25 का चालान और 4 सीज हुए। लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र में 45 का चालान, बिना नंबर प्लेट पर 14 चालान और 5 सीज हुए। रोहनिया थाना क्षेत्र में गलत साइड पर 34 चालान, 2 सीज और बिना नंबर प्लेट के 20 का चालान और 5 पांच सीज किए गए।
रामनगर और चौक में ध्वस्त है यातायात व्यवस्था रामनगर थाना और चौक थाना क्षेत्र में चेकिंग अभियान के बावजूद परिणाम बेहतर नहीं है। लंबे समय से यातायात संचालन में दोनों थाना क्षेत्र बेहतर प्रदर्शन नहीं कर पा रहे हैं। थाना प्रभारियों के निर्देश पर भी मातहत नहीं सुनते। रामनगर किला मार्ग और पंचवटी मार्ग पर जाम रोज की बात है। अतिक्रमण के चलते किला रोड की सड़कें सिकुड़ गई हैं। चौक थाना क्षेत्र में पर्यटकों की आवाजाही के बीच यातायात व्यवस्था को बनाए रखना भी चुनौती बनी हुई है। वीआईपी ड्यूटी में ही चौक पुलिस ज्यादातर व्यस्त रहती है। लिहाजा, चौक क्षेत्र में तो पैदल भी लोग सही ढंग से नहीं चल पाते हैं। ठठेरी बाजार में तो सड़क पर अतिक्रमण है। गलियों में जगह नहीं है।