नेपाल में जन्मे सिद्धार्थ भारत भूमि पर भगवान बुद्ध बने और दुनिया को शांति का संदेश दिया। उक्त बातें भारत में नेपाल के उप राजदूत कृष्ण प्रसाद ढकाल ने मूलगंध कुटी विहार के बोधिवृक्ष परिसर में भगवान बुद्ध के 2561वी जयंती के अवसर पर आयोजित सभा को संबोधित करने के दौरान कही। उन्होंने कहा कि नेपाल में अभूतपूर्व धार्मिक सहिष्णुता है। मुख्य वक्ता प्रो. रमेश प्रसाद ने कहा कि भगवान बुद्ध ने दुखों से मुक्ति का मार्ग बताकर लोगों का उद्धार किया।
अध्यक्षता करते हुए काशी विद्यापीठ के कुलपति डॉ. पृथ्वीश नाग ने कहा कि बुद्ध का संदेश शांति की ओर ले जाता है।
प्रो. राममोहन पाठक, प्रो. विमलेंद्र कुमार, केएल चंदानी, सुद्दोधन राजाराम सहारे आदि ने विचार व्यक्त किए। स्वागत महाबोधि सोसाइटी के विहाराधिपति भिक्षु मेदानकेर ने किया। संचालन व धन्यवाद ज्ञापन डॉ. बेनी माधव ने किया।बीएचयू के पालि एवं बौद्ध अध्ययन विभाग में भी विचार गोष्ठी हुई। मुख्य अतिथि विभाग के पूर्व आचार्य प्रो. प्रद्युम्न दुबे रहे। अध्यक्षता प्रो. हरिशंकर शुक्ल ने और स्वागत हेड प्रो. लालजी ने किया। संचालन कौशलेंद्र व धन्यवाद ज्ञापन प्रो. बिमलेंद्र कुमार ने किया। उधर लोकप्रिय समाज पार्टी के संयोजन में बुद्ध जयंती का आयोजन किया गया। अध्यक्षता मंगला प्रसाद ने की। मुख्य अतिथि राजनारायण गौण रहे। संचालन विजय पाल ने किया।