मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) हाथीबाजार को गोद लेने के कदम के बाद अब जनप्रतिनिधियों ने भी स्वास्थ्य केंद्रों को गोद लेना शुरू कर दिया है। इस पहल से न केवल जर्जर भवनों का जीर्णोद्धार होगा, बल्कि बेड बढ़ाए जाने, जांच, इलाज सहित अन्य सुविधाओं में भी बढ़ोतरी होने की उम्मीद है। ऐसे में माना जा रहा है कि कोरोना की तीसरी लहर से पहले स्वास्थ्य केंद्रों की तस्वीर बदली-बदली नजर आएगी।
अगस्त-सितंबर तक संभावित तीसरी लहर के आने से पहले मुख्यमंत्री ने सभी जनप्रतिनिधियों से स्वास्थ्य केंद्रों को गोद लेने का आह्वान किया था। इस क्रम कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने पीएचसी चिरईगांव को गोद लेने का निर्णय लिया है। सीएमओ डॉ. वीबी सिंह ने बताया कि विधायक अवधेश सिंह भी पिंडरा में स्वास्थ्य केंद्र को गोद लेंगे। इसके अलावा कैंट विधायक पीएचसी सौरभ श्रीवास्तव ने शहरी स्वास्थ्य केंद्र माधोपुर, भेलूपुर, बजरडीहा और महेश चंद श्रीवास्तव ने मंडुवाडीह प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को गोद लेने का निर्णय लिया है।
जनप्रतिनिधियों द्वारा स्वास्थ्य केंद्रों को गोद लिया जा रहा है। यहां जरूरत के हिसाब से संसाधनों का मूल्यांकन भी विभागीय स्तर पर कराया जा रहा है। तीसरी लहर से पहले सभी जरूरी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएंगी।-डॉ. वीबी सिंह, सीएमओ
मछलीशहर सांसद ने गोद ली बसनी पीएचसी
बड़ागांव। मछली शहर सांसद बीपी सरोज ने बुधवार को बड़ागांव थाना अंतर्गत बसनी स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को गोद लिया है। बसनी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जो दर्जनों गांव को चिकित्सकीय सुविधा मुहैया कराता है। बातचीत के दौरान सांसद बीपी सरोज ने कहा कि बसनी में बना यह प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जिसको मिनी ट्रामा सेंटर बनाएंगे। पिंडरा विधानसभा में यह ऐसा अस्पताल होगा जिसमें सारी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। जिससे मरीजों को किसी भी प्राइवेट हॉस्पिटल में जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इस अवसर पर स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉक्टर शेर मोहम्मद, पिंडरा विधायक मीडिया प्रभारी अभिषेक राजपूत, अजय ऊदल,अजय पटेल, मनीष पाठक, जेपी दुबे, हौसला पांडेय, पवन सिंह ने सांसद को धन्यवाद दिया।