प्रवासियों के प्रवास के लिए बनारस में बनी टेंट सिटी को तैयार कर लिया गया है। आज से टेंट सिटी में रिसेप्शन सहित विभागों के कार्यालय शुरू हो गए। टेंट सिटी, हस्तकला संकुल और बड़ा लालपुर स्टेडियम में बाहरी लोगों का प्रवेश रोक दिया गया है। टेंट सिटी में आठ बेड का अस्थाई अस्पताल बनाया गया है।
इसमें जांच, दवा, एंबुलेंस सहित अन्य आकस्मिक चिकित्सा सुविधाएं भी होंगी। आकस्मिक स्थिति में मरीजों को बीएचयू अस्पताल, दीनदयाल अस्पताल, मंडलीय अस्पताल के साथ ही बाबतपुर के पास एक निजी अस्पताल में रेफर किया जाएगा। प्रवासी भारतीय सम्मेलन के लिए स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट किया गया है।
शहर को तीन जोन में बांटकर जोनल हेल्थ नोडल अधिकारी तैनात किए गए हैं। सीएमओ डॉ. वीबी सिंह ने बताया कि टेंट सिटी में बने अस्थायी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में मॉनीटर, कार्डियेक मॉनीटर, वेंटिलेटर, एक्सरे मशीन, अल्ट्रासाउंड आदि जांच की सुविधाओं के साथ दवाएं भी रहेंगी।
सम्मेलन में विभिन्न देशों के राष्ट्राध्यक्ष, भारत के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, विभिन्न प्रदेशों के मुख्यमंत्री, राज्यपाल, उच्चाधिकारी भी आएंगे, इसे देखते हुए एडवांस लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस सहित 20 से अधिक एंबुलेंस लगाई गई हैं। शहर के ब्लड बैंकों में विभिन्न ग्रुप का रक्त आरक्षित करने को कहा गया है।
तीन शिफ्ट में काम करेंगे चिकित्सक
टेंट सिटी और ट्रेड फैसिलिटी सेंटर में संचालित स्वास्थ्य सेवाओं में फिजीशियन, पीडियाट्रिशियन, ऑप्थेल्मोजिस्ट, स्त्रीरोग विशेषज्ञ, रेडियोलॉजिस्ट, सर्जन और पैरामेडिकल स्टाफ के रूप में फार्मासिस्ट, लैब टेक्नीशियन तैनात रहेंगे। ये तीन शिफ्टों में काम करेंगे। पहली शिफ्ट सुबह आठ बजे से दोपहर तीन बजे तक, दूसरी दोपहर तीन बजे से रात नौ बजे तक और तीसरी रात नौ बजे से सुबह आठ बजे तक होगी।