आजमगढ़ शहर के शारदा चौराहे पर स्थित एक होटल के कमरे से मेंहनगर के सपा विधायक कल्पनाथ पासवान के दस लाख रुपये चोरी हो गए। वह लखनऊ स्थित अपने बैंक खाते से रुपये निकाल कर लाए थे।
स्वाट टीम ने होटल के कुछ कर्मचारियों से दो दिन तक पूछताछ की। कोई सफलता न मिलने पर सभी को छोड़ दिया गया। मामले में अभी तक रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है। पुलिस अपने स्तर से जांच कर रही है।
मेंहनगर थाना क्षेत्र के गंजोर गांव निवासी कल्पनाथ पासवान ने बताया कि सात जनवरी को वह बस से रोडवेज पर उतरे थे। इसके बाद वह शहर के शारदा चौक पर स्थित एक होटल में चले गए। होटल के ग्राउंड फ्लोर पर स्थित वीआईपी कमरे में बैठकर समर्थकों के साथ चाय पी रहे थे। कमरे में सूटकेस रख दिया था जिसमें दस लाख रुपये थे।
चाय पीने के बाद जब वह घर जाने के लिए होटल से बाहर निकले तो सूटकेस हल्का लगा। खोलकर देखा गया तो रुपये गायब थे। दस लाख रुपये गायब होने से विधायक को पसीना आ गया। पूछताछ के दौरान होटल मालिक और विधायक में कहासुनी भी हुई।
विधायक ने एसपी से मिलकर शिकायत की। इस पर क्राइम ब्रांच की स्वाट टीम ने होटल के संदिग्ध कर्मचारियों को हिरासत में लेकर दो दिनों तक पूछताछ की। घटना के संबंध में अभी तक कोई रिपोर्ट नहीं दर्ज है। उधर, विधायक की इतनी बड़ी रकम गायब होने से जिले में चर्चाओं का बाजार गरम है।