वाराणसी एयरपोर्ट के पास हरहुआ पीएचसी पर अस्थायी मिनी ट्रॉमा सेंटर बनेगा। इससे सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों को तत्काल इमरजेंसी चिकित्सा सुविधा मिलेगी।
रिंग रोड, एयरपोर्ट के पास बनी हरहुआ पीएचसी पर मिनी ट्रॉमा सेंटर बनाए जाने की तैयारी है। इसके बन जाने के बाद सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों को तत्काल इमरजेंसी चिकित्सा सुविधा मिलेगी। बुधवार को सीएमओ डॉ. मुकेश कुमार ने पीएचसी का निरीक्षण कर ट्रॉमा सेंटर बनाए जाने के बावत सुविधाओं का जायजा लिया।
विज्ञापन
हरहुआ पीएचसी पर पहुंचे सीएमओ ने किसी तरह की दुर्घटना के समय मरीज के आने पर मिलने वाली आपात चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी ली। इस दौरान पीएचसी प्रभारी से अस्थायी मिनी ट्रॉमा सेंटर बनाए जाने से जुड़ी ऑक्सीजन सप्लाई व्यवस्था, ऑपरेशन थियेटर आदि जगहों पर सभी तरह की व्यवस्थाएं जल्द से जल्द पूरी करवाए जाने की बात कही।
उन्होंने कहा कि ट्रॉमा सेंटर के सुचारु संचालन के लिए आवश्यक मानव संसाधन एवं अन्य व्यवस्थाएं भी की जा रही हैं। मिनी ट्रॉमा सेंटर प्रारंभ होने के बाद सड़क दुर्घटनाओं में घायल मरीजों को घटनास्थल के निकट ही प्राथमिक एवं जीवनरक्षक उपचार उपलब्ध कराया जा सकेगा।