पश्चिमी विक्षोभ की दूसरी ब्रांच की हवा सोमवार की शाम को गंगा बेसिन तक पहुंचने लगी। इससे मौसम में गलन का असर बढ़ गया। विक्षोभ के चलते बादलों के अभी पूर्वांचल में बने रहने की आशंका है। दिन भर बादलों की लुकाछिपी चलती रही लेकिन शाम को हुई बूंदाबांदी से लोग परेशान हुए।
बुधवार तक मौसम साफ होने के आसार हैं। बाबतपुर मौसम केंद्र ने सोमवार को अधिकतम तापमान 21.7 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11.9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया। बीएचयू के मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन पांडेय ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ की दूसरी ब्रांच की हवाएं पूर्वांचल में प्रवेश कर जाएंगी। इस वजह से मंगलवार तक लोगों को बादल और बारिश का सामना करना पड़ सकता है।
धुंध ने थामी ट्रेनों की रफ्तार
मौसम ने रेलवे और हाईवे ट्रैफिक को बुरी तरह प्रभावित किया है। एयर ट्रैफिक में भी कोहरा सबसे बड़ी बाधा बनकर खड़ा है। सोमवार दोपहर को एयर इंडिया की उड़ान एआई-406 वाराणसी से आगरा 1.20 घंटे देरी से पहुंची। वहीं आधा दर्जन से अधिक ट्रेनें 15 घंटे तक की देरी से वाराणसी पहुंची।
कोहरे के कारण ट्रेनों के विलंब से चलने के कारण यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कुछ को टिकट रद कराने पड़ रहे हैं तो कुछ को प्लेटफार्मों और यात्री हाल में ठिठुरते हुए ट्रेनों का इंतजार करना पड़ रहा है। कोहरे के आगे रेल विभाग की सभी तैयारियां बेअसर साबित हो रही हैं। सोमवार को ट्रेन नंबर 13238 कोटा - पटना एक्सप्रेस 15 घंटा, 13005 पंजाब मेल 11 घंटा, 13006 पंजाब मेल 6 घंटा, 12562 स्वतंत्रता संग्राम सेनानी 6 घंटा, 14016 सद्भावना एक्सप्रेस 6 घंटा, 14523 हरिहरनाथ एक्सप्रेस 4 घंटा, 1266 जनता एक्सप्रेस 5 घंटा देरी से स्टेशन पहुंची।