तहसील दिवस पर फरियादियों की सहूलियत के लिए रजिस्ट्रेशन काउंटरों की संख्या बढ़ाई जाएगी। अब तक हर तहसील दिवस में ही एक ही रजिस्ट्रेशन काउंटर होने से फरियादियों को घंटों परेशान होना पड़ता है। उनकी इस समस्या को देखते हुए डीएम ने सभी तहसीलों में तहसील दिवस पर आने वाले शिकायती पत्रों के रजिस्ट्रेशन के लिए दो-दो काउंटर बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।
मंगलवार को डीएम राजमणि यादव ने राजातालाब तहसील जनता की शिकायतें सुनीं। लगातार दसवीं बार फरियाद लेकर आए अमनी गांव के खरपत्तू गुप्ता ने बताया कि उसके रास्ते के विवाद अब तक नहीं सुलझ पाया है। इस पर डीएम ने मिर्जामुराद थानाध्यक्ष को कड़ी फटकार लगाई और हफ्ते भर में शिकायत का समाधान कर अवगत कराने की ताकीद की। इस मौके पर राजातालाब तहसील में 253, सदर में 217 और पिंडरा में 117 सहित कुल 587 शिकायती पत्र आए। इनमें से राजातालाब पर 7, सदर पर 5 और पिंडरा पर 8 सहित कुल 20 शिकायती पत्रों का मौके पर निस्तारण किया गया। तहसील दिवस पर कब्जे, मारपीट, पुलिस की ओर से कार्रवाई न करने, बंटवारे आदि से जुड़ी शिकायतें आई। जिनका निस्तारण करने के लिए शिकायती पत्र संबंधित अधिकारियों के पास भेजे गए।
राजातालाब तहसील पहुंचे डीएम ने डीएम ने आदेश जारी किया कि एक माह से अधिक लंबित शिकायत पत्रों को रखने वाले अधिकारियों को प्रतिकूल प्रविष्टि दी जाए। डीएम ने निर्माणाधीन तहसील भवन का निरीक्षण किया। इस दौरान निर्माण सामग्री सहित गुणवत्ता की जांच की जिम्मेदारी एसडीएम को सौंपी। इस मौैके पर एडीएम, एसडीएम, तहसीलदार के अलावा पुलिस, बिजली, जल निगम आदि विभागों के अफसर शामिल रहे।