बाबतपुर। लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर शुक्रवार को इंडिगो एयरलाइंस की दिल्ली जाने वाली उड़ान 6ई-6246 तकनीकी कारणों से प्रभावित हो गई। रूटीन तकनीकी जांच के दौरान विमान के लैंडिंग गियर सिस्टम में खराबी मिलने पर एहतियातन उसे उड़ान भरने की अनुमति नहीं दी गई। इसके बाद एयरलाइन ने यात्रियों के लिए वैकल्पिक विमान की व्यवस्था कर उन्हें दिल्ली रवाना किया।
एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि वाराणसी पहुंचा इंडिगो का विमान निर्धारित प्रक्रिया के तहत अगली उड़ान से पहले तकनीकी निरीक्षण से गुजर रहा था। इसी दौरान इंजीनियरिंग टीम ने लैंडिंग गियर सिस्टम में तकनीकी खामी की आशंका जताई। सुरक्षा मानकों को देखते हुए विमान को तत्काल ग्राउंड कर दिया गया और उसकी विस्तृत जांच शुरू कर दी गई। इस दौरान विमान में करीब 172 यात्री सवार थे।
प्रारंभिक स्तर पर इंजीनियरों ने विमान में आई तकनीकी खराबी को दूर करने का प्रयास किया, लेकिन समस्या का तत्काल समाधान नहीं हो सका। इसके बाद एयरलाइन ने परिचालन प्रभावित होने से बचाने के लिए दूसरे विमान की व्यवस्था की। सभी यात्रियों की आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कराने के बाद उन्हें सुबह करीब 11:20 बजे दूसरे विमान से दिल्ली के लिए रवाना किया गया। तकनीकी खराबी वाले विमान की जांच और मरम्मत का कार्य देर रात तक चलता रहा। इस दौरान एयरपोर्ट प्रशासन और एयरलाइन कर्मचारियों ने यात्रियों को समय-समय पर स्थिति की जानकारी दी तथा उनकी सुविधा का भी ध्यान रखा। एयरपोर्ट पर अन्य सभी उड़ानों का संचालन निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सामान्य रूप से जारी रहा।