बीएचयू में अब शिक्षकों और कर्मचारियों को अब हर दिन उपस्थिति पंजिका पर हाजिरी लगानी होगी। कुलसचिव की ओर से इसका आदेश जारी कर दिया गया है। इसमें संबद्ध कॉलेजों, संस्थानों, संकायों, विभागों व अन्य इकाइयों के प्रभारियों से इसका पालन कराने को कहा गया है। इसका उल्लंघन करने वालों का वेतन काटने सहित अन्य कार्रवाई भी की जाएगी।
विश्वविद्यालय के संकायों, विभागों, संस्थानों आदि जगहों पर कार्यरत शिक्षकों, कर्मचारियों को हाजिरी लगाए जाने की व्यवस्था कोई नई नहीं है। पहले भी इस तरह की व्यवस्था थी लेकिन इसका पूरी तरह से पालन नहीं हो पा रहा था और इस तरह की शिकायतें सामने आती रहती हैं।
कुलसचिव की ओर से जारी आदेश में पिछले दिनों कुलपतियों के सम्मेलन के दौरान उठाए गए बिंदुओं का हवाला दिया गया है। 20 सितंबर 2018 को मानव संसाधन विकास मंत्रालय की ओर से इस व्यवस्था को लागू करने का निर्देश दिया गया था।
अब कुलसचिव ने हर दिन कार्यालय में रखी उपस्थिति पंजिका में हस्ताक्षर करने और जिनके पास वित्तीय जिम्मेदारी है, उन्हें वित्तीय अनुशासन बनाए रखने की जिम्मेदारी दी गई है।
इधर, विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से आदेश जारी होने के बाद विभागों, संकायों सहित अन्य जगहों पर हड़कंप मचा हुआ है। पिछले दिनों आईएमएस में बायोमेट्रिक अटेंडेंस की व्यवस्था शुरू हुई लेकिन उसका पालन नहीं हो पा रहा है।