ससुर ने पुलिस को दी सूचना, निजी स्कूल में अध्यापिका थी ज्योति
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
चोलापुर। थाना क्षेत्र गहुरा गांव में शुक्रवार को ज्योति दूबे (25) का शव कमरे में पंखे के सहारे फंदे से लटका मिला। परिजनों ने दरवाजा तोड़कर उसे बाहर निकाला और अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ज्योति की शादी तीन साल पहले अभिषेक उर्फ लल्लू दूबे पुत्र शशिकांत दूबे से हुई थी। वह एक निजी विद्यालय में अध्यापिका थी, जबकि उसका पति छत्तीसगढ़ में रहकर अध्यापन करता था। शुक्रवार सुबह ज्योति काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं निकली। परिवार को अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद ससुर शशिकांत दूबे ने पुलिस को सूचना दी। दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंचे परिजनों ने ज्योति को फंदे से लटका देखा। जानकारी पर मायके पक्ष के लोग भी पहुंच गए। ज्योति का मायका चोलापुर थाना क्षेत्र के देईपुर गांव में है। विवाहिता का दो वर्ष का एक बेटा है। पति के छत्तीसगढ़ में रहने के कारण ज्योति ससुराल में अकेली रहती थी और परेशान थी। हालांकि, उसकी मौत की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। थाना प्रभारी सधुवन राम गौतम ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। शिकायत पर कार्रवाई की जाएगी।