वन टाइम टैक्स के खिलाफ टैक्सी और कैब संचालकों ने बृहस्पतिवार को कमिश्नरी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। उन्होंने मुख्यमंत्री और परिवहन मंत्री को संबोधित ज्ञापन अपर आयुक्त वाराणसी मंडल को सौंपकर इसे रद्द करने की मांग की। बनारस टूरिज्म एसोसिएशन के बैनर तले शासन को भेजे गए प्रार्थना पत्र में व्यापारियों ने इस टैक्स को अन्यायपूर्ण और अव्यवहारिक करार दिया है। एसोसिएशन का कहना है कि डीजल, पेट्रोल, बीमा, फिटनेस और परमिट की बढ़ती कीमतों से वाहन मालिक पहले ही आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं। ऐसे में नया टैक्स उनके परिवारों के सामने भुखमरी की स्थिति पैदा कर देगा।
एसोसिएशन के अध्यक्ष नीरज बदलानी और महामंत्री आनंद सिंह ने चेतावनी दी है कि यदि यह कर वापस नहीं लिया गया तो लाखों वाहन मालिक और चालक बेरोजगार हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि यदि रविवार तक उनकी मांगें पूरी नहीं की गईं तो सोमवार से पूरे वाराणसी मंडल में गाड़ियों का संचालन अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दिया जाएगा। वह अपने वाहनों के दस्तावेज और चाबियां प्रशासन को सौंप देंगे। इस विरोध प्रदर्शन की प्रतिलिपि यातायात आयुक्त, परिवहन सचिव और वाराणसी मंडलायुक्त को भी भेजी गई है, जिसमें टैक्स को तत्काल प्रभाव से निरस्त करने की मांग की गई है।