पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी एवं पद्मश्री अजीत वाडेकर की स्मृति में वाराणसी में मंगलवार को अटल-अजीत मेमोरियल ट्राफी-2108 टी-20 नेशनल दिव्यांग क्रिकेट टूर्नामेंट शुरू हुआ।
वेस्ट जोन और नार्थ जोन ने सिगरा स्टेडियम और साउथ जोन और वेस्ट जोन ने काशी विद्यापीठ के स्टेडियम में अपने मैच जीते। पहला मैच ईस्ट और वेस्ट जोन के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्ट जोन ने निर्धारित ओवर में पांच विकेट खोकर 69 रन बनाए। इसमें 16 अतिरिक्त रन शामिल रहे। करन ने सर्वाधिक 14 रन का योगदान दिया। जवाब में खेलने उतरी ईस्ट जोन की टीम 41 रन ही बना सकी। तीन विकेट लेने वाले रोहन को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दूसरा मैच नार्थ जोन और सेंट्रल जोन के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए नार्थ जोन की टीम ने पांच अतिरिक्त रन की मदद से 75 रन का लक्ष्य खड़ा किया। पीछा करने उतरी सेंट्रल जोन की टीम 45 रन पर ही सिमट गई।
काशी विद्यापीठ में साउथ जोन और सेंट्रल जोन के बीच मैच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए 11 अतिरिक्त रनों की मदद से सेंट्रल जोन की टीम ने 40 रन बनाए। जवाब में साउथ जोन की टीम ने दो विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। चार विकेट लेने वाले विजेता टीम के सतीश को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
इसी मैदान में वेस्ट जोन और साउथ जोन के बीच मैच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी वेस्ट जोन की टीम ने 16 अतिरिक्त रन की मदद से पांच विकेट खोकर 69 रन बनाए। जवाब में साउथ जोन 46 रन ही बना सकी। तीन विकेट और 19 रन बनाने वाले विजेता टीम के आतिश को मैन आफ द मैच चुना गया।
इसके पहले सिगरा स्टेडियम में प्रतियोगिता का उद्घाटन केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री शिव प्रताप शुक्ला और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर अमित मिश्रा ने खिलाड़ियों का परिचय लेकर किया। इस मौके पर राज्यमंत्री नीलकंठ तिवारी, मुख्य आयुक्त दिव्यांगजन डा. कमलेश कुमार पांडेय आदि मौजूद रहे।
यदि दृढ़ निश्चय कर लें तो कुछ भी मुश्किल नहीं
खिलाड़ियो से परिचय करते केंद्रीय मंत्री
- फोटो : amar ujala
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर अमित मिश्रा ने कहा कि दिखने में दिव्यांगों के गेम बहुत आसान लगते हैं, मगर होते बहुत कठिन हैं। ये लोग उन लोगों मोटिवेशन कर रहे हैं, जो घर पर बैठकर सोचते हैं कि वह कुछ कर नहीं सकते। इनसे हम लोगों को सीख मिलती है कि यदि दृढ़ निश्चय कर लें तो कुछ भी मुश्किल नहीं है।
टी-20 नेशनल दिव्यांग क्रिकेट टूनामेंट के उद्घाटन के दौरान खिलाड़ियों से परिचय करने के बाद मीडिया से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि जल्दी रिजल्ट देखने वाले ही टी-20 मैच को पसंद करते हैं, लेकिन जो क्रिकेट को देखना और समझना चाहते हैं वह आज भी वन-डे और टेस्ट देखते हैं।
आस्ट्रेलिया दौरे पर गई भारतीय टीम के एक मैच हारने के सवाल पर कहा कि हमारी टीम बहुत अच्छी है, मगर कुछ चीजों पर ध्यान देना चाहिए। खिलाड़ियों को वहां की सिचुएशन को देखते हुए कैसे बैटिंग और बालिंग करनी है, देखना चाहिए। टीम से बाहर चल रहे अमित ने उम्मीद जताई कि वह जल्द ही टीम में होंगे। इसके लिए पूरी मेहनत कर रहे हैं।