एडवाइजरी के अनुसार, सार्वजनिक शौचालयों में हर छह घंटे पर हाइपोक्लोराइड से पोछा लगाना होगा। साथ ही हर तीन घंटे पर दो प्रतिशत ब्लीचिंग सॉल्यूशन से सफाई कराई जाएगी। रिहायशी, सरकारी और व्यवसायिक भवनों की लिफ्ट की दीवार, हैंडल, इंटरकाम रिसीवर, मोबाइल और स्केलेटर रेलिंग सहित जहां भी लोगों का हाथ लगता है, उन सभी जगहों की प्रत्येक घंटे सफाई होगी।
डीएम ने कहा कि बडे़ प्रतिष्ठान, रेस्टॉरेंट, मार्केट प्लेस, दुकानों की गद्दी आदि की नियमित सफाई करें। घरों में नमी सोखने वाली रद्दी चीजें, पुराने समाचार पत्र और जहां धूल इकट्ठा हो रही हो, उन वस्तुओं को हटा दें। वेंटिलेशन और धूप के आने की व्यवस्था करें।
होटल और रेस्टोरेंट सहित बाजार में खाद्य वस्तुएं बिक्री करने वालें ग्लब्स पहनकर खाद्य सामग्री परोसें। इन सभी जगहों पर सेनेटाइजर रखें और बाहर से आने वाले इसका उपयोग करें, यह भी सुनिश्चित करें।
विदेशी पर्यटकों की होगी निगरानी
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जर्मनी, फ्रांस, स्पेन, इटली, ईरान, चीन और कोरिया से आने वाले पर्यटकों के नाम, पता व फोन नंबर रजिस्टर में दर्ज करें, ताकि उन्हें निगरानी में रखा जा सके। इन देशों के प्रत्येक पर्यटक को कोरेंटाइन सेंटर तक लाने के लिए क्षेत्रीय प्रबंधक रोडवेज और उनके इलाज के लिए मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देशित किया गया है।
शहर के सभी प्रतिष्ठानों के मालिकों को निर्देश दिए कि वह अधीनस्थ कर्मचारियों को कोरोना वायरस से बचाव की पूरी जानकारी दें। साथ ही किसी एक स्टाफ को नोडल बनाएं।