लोहता थाना क्षेत्र के अलावल मोहल्ले के मिठाई विक्रेता शुभम मोदनवाल की तहरीर पर परवेज, तलीम नेता, बाऊ समेत अन्य अज्ञात के खिलाफ लोहता थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। शुभम के अनुसार उसे सांप्रदायिक दुर्भावनावश परेशान किया जा रहा है। सोशल मीडिया पर उसकी दुकान को लेकर तरह-तरह की भ्रांतियां फैलाई जा रही हैं।
शुभम ने पुलिस को बताया कि फैजुल उलूम मदरसा के पास 17 साल से उसकी दुकान है। उसकी दुकान बाजार में अच्छी चलती है। सांप्रदायिक उन्माद फैलाने की नीयत से परवेज, तलीम नेता, बाऊ और 25 अन्य अज्ञात लोग उसकी दुकान के बारे में अफवाह फैला रहे हैं। खाद्य सामग्रियों में मिलावट और वर्ग विशेष की लड़कियों से छींटाकशी जैसी गलत बात कर रहे हैं। बीते 23 अगस्त को सभी भीड़ की शक्ल में दुकान पर पहुंचे। धार्मिक नारेबाजी करते हुए गर्दन काटने की धमकी दी। दुकान से वह और काम करने वाले लोग डरकर भाग गए। इसी तरह कई और दुकानदारों को निशाना बनाया जा रहा है। इस संबंध में लोहता थानाध्यक्ष राजीव कुनार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।