बीएचयू के कई कोर्स की पूरक परीक्षाओं में आवेदन की अंतिम तिथि 20 जुलाई तय की गई है। सत्र 2025-2026 के लिए पूरक परीक्षाओं की अधिसूचना जारी की गई है। यह अधिसूचना उन कोर्स के लिए लागू नहीं होगी, जो कृषि विज्ञान संस्थान और चिकित्सा विज्ञान संस्थान के तहत संचालित हो रहे हैं। वहीं, एमएससी हेल्थ स्टैटिस्टिक्स और बायो-स्टैटिस्टिक्स के कोर्स को भी इसमें शामिल किया गया है। संबंधित छात्र-छात्राओं को सूचित किया गया है कि वे पूरक परीक्षा के लिए ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म भरें। परीक्षा फॉर्म शुल्क भी अपने पोर्टल से ही ऑनलाइन जमा करना होगा। फीस जमा होने के बाद ही परीक्षा फॉर्म को पूरा माना जाएगा।
परीक्षा फॉर्म की फीस का भुगतान करने के बाद छात्र-छात्राओं को उसका प्रिंटआउट और फीस रसीद परीक्षा नियंत्रक कार्यालय के संबंधित पटल पर जमा करना होगा। यह प्रक्रिया करने के बाद ही आवेदन स्वीकार किया जाएगा। यदि किसी छात्र या छात्रा को आवेदन प्रक्रिया के दौरान कोई असुविधा होती है, तो उन्हें तत्काल परीक्षा नियंत्रक कार्यालय से संपर्क करने की सलाह दी गई है।
शामिल किए गए कोर्स की सूची
पूरक परीक्षा में कला, सामाजिक विज्ञान, विज्ञान, वाणिज्य, कला प्रदर्शन, प्रबंधन शास्त्र, विधि, शिक्षा, संस्कृत विद्या, दृश्य कला आदि संकाय शामिल हैं। इनमें बीए, बीपीएड, एमए, एमएड, बीएससी, एमएससी, बीकॉम, एमबीए, एलएलबी, एलएलएम, बीएफए और एमपीए जैसे कई स्नातक और स्नातकोत्तर कोर्स शामिल किए गए हैं। कई संकायों के पांचवें, तीसरे, चौथे, नौवें, दसवें, सातवें, आठवें, पहले और दूसरे सेमेस्टर के छात्र इस परीक्षा में शामिल हो सकते हैं।