जिला ओलंपिक संघ, हॉकी वाराणसी और जिला हैंडबॉल संघ के संयुक्त तत्वावधान में 12 जुलाई को बड़ालालपुर से पांच किलोमीटर की प्लॉगिंग रेस शुरू होगी। इसमें नौ खेलों के 300 खिलाड़ी शामिल होंगे। जिला ओलंपिक संघ के उपाध्यक्ष डॉ. एके सिंह और जिला हैंडबॉल संघ के सचिव डॉ. शम्स तबरेज शैंपू ने बताया कि रेस डॉ. भीमराव अंबेडकर क्रीड़ा संकुल, बड़ालालपुर से शुरू होकर समापन परमानंदपुर मिनी स्टेडियम में होगा। उन्होंने बताया कि प्लॉगिंग रेस में शामिल प्रतिभागियों को तेज गति से चलते हुए मार्ग में पड़े प्लास्टिक के कचरों को उठाकर अपने बैग में एकत्र करना होगा। समापन स्थल पर एकत्र किए गए कचरे के वजन और मात्रा के आधार पर विजेता का चयन किया जाएगा। विजेता को ग्रीन चैंपियन अवाॅर्ड से सम्मानित किया जाएगा। प्रतियोगिता में 12 साल या उससे ज्यादा आयु के इच्छुक प्रतिभागी भाग ले सकते हैं।
ये होती है प्लॉगिंग रेस
प्लॉगिंग रेस में शामिल खिलाड़ी निश्चित दूरी पर दौड़ के साथ इधर-उधर बिखरे कूड़े या अन्य सामान को उठाते हैं। यह प्रक्रिया खेल में फिटनेस के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश होता है। इसे खेलों में भी शामिल किया गया है।