गढ़ौली धाम में सामूहिक विवाह के बाद विवादों में आए थे ओजा
प्रदेश सह प्रभारी और काशी क्षेत्र की जिम्मेदारी संभालने के दौरान सुनील ओजा ने ओएस बालमुकुंद फाउंडेशन का गठन कर बनारस से सटे मिर्जापुर जिले में पड़ने वाले गड़ौली धाम आश्रम की शुरुआत की। 12 फरवरी 2023 को पांच दिन के समारोह में सरकारी विभाग के धन से 1008 सामूहिक विवाह का आयोजन करवा दिया गया था। इसके बाद संगठन की ओर से पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के गड़ौली धाम जाने पर रोक लगाई थी। साथ ही आर्थिक सहयोग भी नहीं करने की हिदायत दी गई थी। यह फाउंडेशन पहली बार कोविड की दूसरी लहर के वक्त तब चर्चा में आया था, जब भाजपा कार्यकर्ताओं ने लोगों को घर-घर खाना पहुंचाना शुरू किया था। इसके बाद उन्होंने गड़ौली गांव में गंगा नदी के किनारे 20 बीघा जमीन खरीदी और उस पर आश्रम का निर्माण शुरू किया।
भाजपा ने स्थगित किए आज तक के कार्यक्रम
भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए बृहस्पतिवार तक होने वाले पार्टी के सभी संगठनात्मक कार्यक्रमों को स्थगित कर दिया। राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार रविंद्र जायसवाल, दयाशंकर मिश्र दयालु, महापौर अशोक तिवारी, काशी क्षेत्र के प्रभारी अमरपाल मौर्य, एमएलसी अश्वनी त्यागी, जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा, महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय सहित भाजपा पदाधिकारियों व जनप्रतिनिधियों ने शोक व्यक्त किया।
पीएम के करीबी वरिष्ठ भाजपा नेता सुनील ओझा का दिल्ली में निधन
- फोटो : संवाद
वाराणसी में सुनील भाई का कार्य सराहनीय: पीएम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर लिखा कि भावनगर के पूर्व विधायक सुनील भाई ओजा के निधन का दुखद समाचार मिला। भाजपा के संगठन विस्तार और समाजसेवा के क्षेत्र में इनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। वाराणसी में भी सुनील भाई का संगठनात्मक कार्य सराहनीय रहा है। प्रभु इस दिव्य आत्मा को शांति प्रदान करें और परिवार को दुख सहन करने की शक्ति दें। गृहमंत्री अमित शाह ने भी एक्स पर लिखा कि भाजपा के वरिष्ठ नेता और बिहार के सह प्रभारी सुनील ओजा के आकस्मिक निधन की सूचना अत्यंत दुखद है। उन्होंने पूरी कर्मठता से संगठन के विभिन्न दायित्वों को निभाया। अपनी सादगी और संगठन निष्ठा के लिए वे सदैव हमारी स्मृति में रहेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लिखा कि वरिष्ठ भाजपा नेता, पूर्व विधायक बिहार भाजपा के सह प्रभारी व उत्तर प्रदेश भाजपा के पूर्व सह प्रभारी सुनील भाई ओझा का निधन अत्यंत दु:खद है। प्रभु श्रीराम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान और शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दु:ख सहने की शक्ति प्रदान करें। ऊं शांति।