अमरा खैरा (चितईपुर) निवासी 12 साल के शौर्य सिंह का चयन चंडीगढ़ क्रिकेट छात्रावास में हुआ है। अपने शानदार ऑलराउंड खेल से उन्होंने चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा और यह उपलब्धि हासिल की। शौर्य दो साल से रोज तीन से चार घंटे बीएचयू के एंफीथियेटर मैदान पर अभ्यास करते हैं। कोच अरुण कुमार ने बताया कि शौर्य ने नियमित अभ्यास से यह सफलता हासिल की है। विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद के सहायक निदेशक डॉ. वैभव राय ने शौर्य की बल्लेबाजी और फील्डिंग की कमियों को सुधारने में मदद की। शौर्य ने इसका श्रेय अपने माता-पिता व गुरुजनों को दिया।
कराटे : 227 ने दी परीक्षा, 212 खिलाड़ी रहे सफल
मानव एकेडमी ऑफ मार्शल आर्ट्स की ओर से रविवार को लहरतारा के कृष्ण मोहिनी विद्या मंदिर स्कूल में कराटे बेल्ट परीक्षा हुई। इसमें जिले के 227 खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इनमें से 212 खिलाड़ियों ने परीक्षा पास की। परीक्षा संस्था के अध्यक्ष भिक्षु चंदिमा थेरो और महासचिव किसलय मानव की देखरेख में हुई।परीक्षा में विभिन्न बेल्ट स्तरों के लिए खिलाड़ियों का परीक्षण किया गया। इसमें येलो बेल्ट में 72, ऑरेंज बेल्ट में 73, ग्रीन बेल्ट में 24, ब्लू बेल्ट में 9, पर्पल बेल्ट में 13, ब्राउन बेल्ट में 18 तथा प्री-ब्लैक बेल्ट में 3 खिलाड़ी उत्तीर्ण हुए।
परीक्षक मंडल में कुंजन मौर्या, महेश गुप्ता, ज्योति सिंह, माया पटेल और मार्शल आर्ट्स के अनुभवी खिलाड़ी शामिल रहे। सफल खिलाड़ियों को कृष्ण मोहिनी विद्या मंदिर की प्रधानाचार्या सुधा उपाध्याय और मानव एकेडमी के पदाधिकारियों, श्वेत प्रकाश यादव, विश्वनाथ मौर्या, डॉ. बृजेश भारती, सतीश कुमार और नागेंद्र प्रताप सिंह ने बेल्ट और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया। मुख्य अतिथि नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. विनय मिश्रा ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
69वीं जनपदीय माध्यमिक विद्यालयीय काशी जोन बालिका वर्ग की भारोत्तोलन प्रतियोगिता भैरोनाथ के श्रीवल्ल्लभ विद्यापीठ बालिका इंटर कॉलेज में होगी। इसके लिए खिलाड़ियों ने कोच विनय चौरसिया की देखरेख में अभ्यास शुरू कर दिया है। खिलाड़ियों को पात्रता संबंधी प्रमाणपत्र सात प्रतियों में जमा करना होगा। खिलाड़ियों का वजन सुबह 8 बजे से और प्रतियोगिता सुबह 9 बजे शुरू होगी। प्रतिभागी छात्राओं को तीन फोटो भी जमा करना होगा। छात्राओं को पात्रता फॉर्म में अपने विद्यालय का यूडीआईएसई कोड, प्रवेशांक, पैन नंबर भी दर्ज करना होगा।
शतरंज में युवराज और दिशा ने मारी बाजी
काशी चेस एकेडमी की ओर से तीसरा अंडर-17 नॉन-रेटेड शतरंज टूर्नामेंट रविवार को ककरमत्ता फ्लाईओवर के नीचे कॉम्पलैक्स में खेला गया। इसके ओपेन वर्ग में श्रेयांश अग्रवाल, अंडर-13 में युवराज जायसवाल, अंडर-10 में सिजान पांडेय, बालिका वर्ग में दिशा राय छह चक्रों की बाजी जीत विजेता बने। उक्त जानकारी आयोजन सचिव आदित्य वर्मा ने दी।
तीन किमी वॉक रेस में अंकिता दूसरे स्थान पर
सीआईएससीई जोनल एथलेटिक्स मीट सेंट जॉन्स स्कूल बरेका में खेली जा रही है। प्रतियोगिता के पहले दिन अंडर 19 के तीन किमी वॉक रेस में कानपुर की पावनी अवस्थी ने पहला, वाराणसी की अंकिता यादव ने दूसरा और मेरठ की सगुन चिकारा ने तीसरा स्थान हासिल किया। वहीं तीन किमी वॉक रेस में अंडर-17 आयुवर्ग में गाजियाबाद की जाह्नवी शर्मा ने स्वर्ण पदक जीता। वाराणसी की रश्मि यादव ने रजत और गाजियाबाद की रिया चौहान ने कांस्य पदक जीता। सीनियर और जूनियर वर्ग की 14, सब जूनियर की 10 स्पर्धाओं में अलग-अलग क्लस्टर के तीन सौ खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। सेंट जॉन्स स्कूल बरेका के खेल प्रभारी आनंद श्रीवास्तव ने बताया कि जोनल प्रतियोगिता 17 से 19 अगस्त तक खेली जाएगी। प्रतियोगिता का औपचारिक उद्घाटन सोमवार को मुख्य अतिथि स्कूल के प्रधानाचार्य सुसाई राज, और गुरू शांताराज संयुक्त रूप से करेंगे।
साइकिल रैली निकालकर दिया फिट रहने का संदेश
फिट इंडिया वीक के तहत रविवार सुबह भारतीय खेल प्राधिकारण (साई) सेंटर बीएचयू की ओर से जागरूकता संदेश साइकिल यात्रा निकाली गई। यूपी कॉलेज से निकली यात्रा में 100वीं बटालियन के एनसीसी कैडेट शामिल हुए। तीन किमी लंबी यात्रा यूपी कॉलेज के मुख्यद्वार से शुरू होकर पुलिस लाइन चौराहा, कचहरी, वीडीए होते हुए वापस यूपी कॉलेज में समाप्त हुई। रैली को 100वीं बटालियन एनसीसी के जेसीओ सूबेदार मेजर और यूपी कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. रमेश सिंह ने मुख्य द्वार से झंडी दिखाकर रवाना किया। इसमें करीब 70 खिलाड़ी और कैडेट शामिल हुए। साई सेंटर वाराणसी प्रभारी जेएस द्विवेदी ने बताया कि साइकिल रैली स्वस्थ जीवन शैली को अपनाने के लिए निकाली गई।