कोरोना काल में प्रधानमंत्री केयर कोविड फंड में अपनी गुल्लक तोड़कर करीब चार हजार रुपये देने वाली सुहानी गुप्ता को टैबलेट और साइकिल देकर सम्मानित किया गया है। सुहानी उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के रहने वाली है।
मिर्जापुर में कलेक्ट्रेट परिसर में सोमवार को जिलाधिकारी ने नगर के घंटाघर रोड की रहने वाले सुहानी गुप्ता पुत्री सचीन्द्र नाथ को साइकिल और टैबलेट मोबाइल प्रदान कर सम्मानित करते हुए हौसले को सराहा है। जिलाधिकारी ने कहा है कि ऐसे बच्चे निसंदेह राष्ट्र और समाज के लिए नजीर बनकर न केवल लोगों के लिए प्रेरणास्रोत साबित होते हैं, बल्कि देश के भावी भविष्य भी है।
उन्होंने सुहानी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए हर संभव मदद का भी भरोसा दिलाया है। जिलाधिकारी के हाथों साइकिल और टैबलेट पाकर कक्षा चार की छात्रा सुहानी ने हर्षित भाव से पढ़ाई पूरी कर डॉक्टर बनने की इच्छा प्रकट की है। इस दौरान नगर मजिस्ट्रेट व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।