बीएचयू के यूरोलॉजी विभाग में एक युवक की थूलियम फाइबर लेजर विधि से मूत्राशय के ट्यूमर का सफल ऑपरेशन किया गया। असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. ललित कुमार अग्रवाल का दावा है कि पूर्वांचल में पहली बार इस विधि से सर्जरी की गई है। बिना चीरा लगाए होने वाली इस सर्जरी के बाद मरीज अगले दिन ही घर भी जा सकता है।
यूरोलॉजी विभाग के डॉ. ललित कुमार अग्रवाल ने बताया कि जिले के ग्राम गांसा निवासी 38 वर्षीय युवक अस्पताल की ओपीडी में पेशाब में खून निकलने की समस्या लेकर आया। मरीज की जांच के बाद थूलियम फाइबर लेजर विधि से मूत्राशय के ट्यूमर को पूरी तरह से पेशाब के रास्ते निकाला गया, जिसे थूलेइबट कहते हैं। इस विधि में रक्त स्त्राव कम होने के साथ-साथ एवं मूत्राशय फटने की संभावना भी कम होती है। बीएचयू में इस प्रकार के सफल आपरेशन के बाद अब मरीजों को दिल्ली, मुंबई, कोलकाता एवं चेन्नई नहीं जाना होगा।