धरने पर बैठे काशी विद्यापीठ के छात्र
- फोटो : Amar Ujala
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में एलएलबी परीक्षा परिणाम में गड़बड़ी, परिसर से पीएसी को हटाने सहित 11 सूत्रीय मांग को लेकर तीन दिन से धरना दे रहे छात्र मांग पूरी न होने से बृहस्पतिवार को नाराज हो गए। गांधी प्रतिमा के पास धरने पर बैैठे छात्र दोपहर बाद प्रशासनिक भवन के मुख्य चैनल गेट के पास धरने पर बैठ गए। यहां से कुलपति समेत अन्य कर्मचारियों को बाहर नहीं जाने दिया। लिहाजा कुलपति को अपने कार्यालय में ही बैठना पड़ा।
रात करीब आठ बजे धरनारत छात्रों से बातचीत के बाद कुलपति ने जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया तब जाकर छात्रों ने कुलपति समेत अन्य लोगों को बाहर जाने दिया। काशी विद्यापीठ में छात्र पिछले तीन दिन से 11 सूत्रीय मांगों को लेकर धरना दे रहे हैं। अब तक विश्वविद्यालय से जुड़े अधिकारियों ने कई बार बातचीत की, लेकिन छात्र ठोस कार्रवाई पर अड़े हैं। छात्र नेता आशुतोष तिवारी के नेतृत्व में धरने पर बैठे छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन के विरोध में नारेबाजी की। शाम करीब 4 बजे ही प्रशासनिक भवन के चैनल गेट पर जाकर छात्र बैठ गए जिससे कि कुलपति समेत अन्य लोग कार्यालय से बाहर नहीं जा सके।
आशुतोष तिवारी ने बताया कि कुलपति ने पीएसी हटाने के लिए जिला, पुलिस प्रशासन को पत्र लिखने, परीक्षा परिणाम संबंधी गड़बड़ी को दूर करवाने सहित अन्य मांगों पर ठोस कार्रवाई का आश्वासन दिया है। इसके बाद रात 8 बजे उनको कार्यालय से बाहर जाने दिया गया। इस दौरान छात्र नेता शिवम तिवारी, शशि सेखर,राहुल पांडेय, हर्ष तिवारी , नयन राय, सूरज उपाध्याय आदि लोग मौजूद रहे। कुलपति प्रोफेसर एके त्यागी की माने तो 11 सूत्रीय मांगों को लेकर धरना देने वाले छात्रों ने बाहर नहीं जाने दिया तो कार्यालय में ही बैठा रहा। उनसे बातचीत कर सभी मांगों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इसकी जानकारी उनको दी गई। इसके बाद छात्र माने तो कार्यालय से बाहर आए।