बीएचयू में नए सत्र के लिए स्नातकोत्तर में दाखिले की प्रक्रिया सोमवार से शुरू हो रही है। इस बीच स्नातक द्वितीय और तृतीय वर्ष के छात्रों ने चल रही ऑनलाइन कक्षाओं में नेटवर्क के खराब होने का हवाला देते हुए हॉस्टल खोले जाने का मुद्दा उठाया है।
कुलपति को भेजे गए ई-मेल में छात्रों ने स्नातक द्वितीय और तृतीय वर्ष की कक्षाएं चलाए जाने में नेटवर्क और बिजली की समस्या का हवाला देते हुए छात्रावासों में रहकर पढ़ाई करने की मांग की है। छात्रों का कहना है कि कोरोना गाइड लाइन का पालन करते हुए हॉस्टल की वाई फाई सुविधा का लाभ मिलने से ऑनलाइन कक्षाओं में कोई असुविधा नही होगी।
इसके अलावा लाइब्रेरी को भी खोलने की मांग छात्रों ने कुलपति से की है। यह भी भरोसा दिलाया है कि हॉस्टल खुलने पर वह कोविड गाइड लाइन के मानकों का पालन करते हुए छात्रावासों में रहेंगे। ऐसी व्यवस्था होने से ऑनलाइन कक्षाओं में कोई परेशानी नहीं होगी।