आमरण अनशन पर बैठे छात्रों के बीच पहुंचे विधायक अजय राय।
बीएचयू के केंद्रीय पुस्तकालय को 24 घंटे खोलने की मांग पर अड़े छात्र शुक्रवार को भी भूख हड़ताल पर रहे। छात्रोें के समर्थन में कांग्रेस विधायक अजय राय भी मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने छात्रों की समस्याएं सुनी और भरोसा दिलाया कि वे इस संबंध में कुलपति प्रो. जीसी त्रिपाठी से मिलकर समस्या के समाधान पर सार्थक वार्ता करेंगे।
विधायक ने कहा कि छात्र हड़ताल पर हैं और विश्वविद्यालय प्रशासन पत्राचार कर रहा है। जबकि छात्रों से मिलकर उनकी समस्याओं का समाधान करना चाहिए। विधायक अजय राय के साथ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष प्रजानाथ शर्मा, शैलेंद्र सिंह उपस्थित थे।
गौरतलब है कि बीएचयू के छात्र पुस्तकालय को 24 घंटे खोलने, छात्राओं को हास्टल से पुस्तकालय तक बस की सुविधा प्रदान करने, परिसर में 24 घंटे कैंटीन खोलने और सुरक्षा के इंतजाम की मांग पर अड़े हैं। छात्रों का यह आंदोलन 19 दिन से चल रहा है। तीन दिन से छात्र भूख हड़ताल पर बैठे हैं।
शुक्रवार को सरसुंदर लाल चिकित्सालय के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. ओपी उपाध्याय के निर्देश पर चिकित्सकों की एक टीम ने हड़ताल पर बैठे छात्रों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। बैठने वालों छात्रों में विकास सिंह, दीपक सिंह, गौरव राज पुरोहित, शांतनु सिंह, अमरदीप, प्रियेश, रोशन, आकाश, अविनाश और अनुपम कुमार शामिल हैं।
इस बीच शुक्रवार को विश्वविद्यालय के कुलसचिव की ओर से जारी पत्र में कहा गया कि आंदोलित छात्रों की मांगों पर विचार करने के लिए कमेटी गठित कर दी गई है। छात्रों से अपील है कि वे अपनी मांगों को उक्त कमेटी के सामने प्रस्तुत करें एवं अविलंब धरना समाप्त करें।