काशी विद्यापीठ के हर प्रसाद गुप्त इन्क्यूबेशन फाउंडेशन और समाना कॉलेज ऑफ डिजाइन स्टडीज, हैदराबाद तेलंगाना के बीच शैक्षणिक सहयोग, कौशल विकास, नवाचार एवं उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए एमओयू हुआ। इसके तहत विद्यार्थियों को डिजाइन, टेक्सटाइल के क्षेत्र स्टार्टअप स्थापित करने का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
काशी विद्यापीठ में समझौता ज्ञापन पर समाना कॉलेज ऑफ डिजाइन स्टडीज की ओर से चेयरमैन प्रो. समाना हुसैनी और हर प्रसाद गुप्त इन्क्यूबेशन फाउंडेशन की ओर से निदेशक प्रो. मोहम्मद आरिफ के साथ विश्वविद्यालय से जुड़े प्रतिनिधियों ने हस्ताक्षर किया। समझौते के तहत विद्यार्थियों को व्यावहारिक एवं रोजगारपरक प्रशिक्षण प्रदान करने के साथ-साथ डिजाइन एवं टेक्सटाइल क्षेत्र में स्टार्टअप स्थापित करने के इच्छुक युवाओं को मार्गदर्शन, मेटरशिप एवं तकनीकी परामर्श भी उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही पारंपरिक हस्तशिल्प एवं स्थानीय कलाओं को आधुनिक बाजार की आवश्यकताओं से जोड़ने तथा उनके संरक्षण एवं संवर्धन की दिशा में भी संयुक्त प्रयास किए जाएंगे। इस दौरान कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी, वित्त अधिकारी प्रो. राजेश कुमार मिश्रा, कुलसचिव डॉ. सुनीता पाण्डेय, डीन एकेडमिक प्रो. बंशीधर पाण्डेय, निदेशक आउटरीच प्रो. संजय कुमार मौजूद रहे।