वाराणसी के 23 केंद्रों पर हुई 12वीं अंग्रेजी की परीक्षा
- फोटो : अमर उजाला
सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एक्जामिनेशन (सीबीएसई) की बोर्ड परीक्षा गुरुवार से शुरू हो गई। पहले दिन की परीक्षा ने परीक्षार्थियों को फील गुड कराया। हालांकि प्रश्नपत्र लंबा होने से टाइम मैनेजमेंट में थोड़ी मशक्कत जरूर करनी पड़ी।
पहले दिन गुरुवार को 12वीं की अंग्रेजी की परीक्षा थी। 23 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा कराई गई, जिसमें करीब 15 हजार परीक्षार्थी शामिल हुए।
परीक्षा सुबह साढ़े दस बजे से शुरू हुई और डेढ़ बजे खत्म हुई।
परीक्षार्थी बाहर आए तो उनके चेहरे पर खुशी नजर आ रही थी। सनबीम स्कूल की रश्मि गुप्ता और निमि सिंह ने बताया कि प्रश्नपत्र आसान था। कोई पैटर्न भी चेंज नहीं था।
ग्लोरियस एकेडमी की श्रेया और शिखा ने बताया कि तैयारी के दौरान पिछले साल के प्रश्नपत्र देखे थे लेकिन इस बार की परीक्षा आसान रही। हां, लेकिन पेपर थोड़ा लंबा जरूर था। ग्लोरियस एकेडमी के राहुल राय ने बताया कि पैसेज थोड़ा लंबा था, जिसे करने में टाइम लगा।
ओवरऑल प्रश्नपत्र आसान था। सीबीएसई के सिटी कोआर्डिनेटर वीके मिश्र ने बताया कि सभी केंद्रों पर परीक्षा सामान्य रही। शत प्रतिशत परीक्षार्थी परीक्षा में उपस्थित रहे।