भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान बीएचयू में शनिवार को छात्र संसद चुनाव के लिए मतदान होगा। आईआईटी जिमखाना में पांच पोलिंग बूथों पर 5009 छात्र-छात्राएं मतदान के माध्यम से 67 सदस्यीय छात्र संसद का गठन करेंगे।
चुनाव को लेकर संस्थान प्रशासन ने तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं। मतदान सुबह नौ से दोपहर तीन बजे तक होगा। परिणाम रविवार को घोषित किया जाएगा। पहली बार संस्थान में हो रहे चुनाव में कुल 176 प्रत्याशी मैदान में हैं।
आईआईटी बीएचयू में छात्रों के प्रतिनिधित्व के लिए छात्र संसद चुनाव कराया जा रहा है। छात्र संसद के लिए चुने जाने वाले प्रतिनिधि न सिर्फ छात्राें का प्रतिनिधित्व करेंगे बल्कि सीनेट में भी अहम भूमिका निभाएंगे।
67 सदस्यों का ये छात्र संसद हास्टल, लाइब्रेरी, जिमखाना आदि को संचालित करेगा। वोटिंग के लिए छात्र-छात्राओं के पास आईकार्ड होना जरूरी है। बता दें कि छात्र संसद के लिए 253 छात्र-छात्राओं ने नामांकन किया था जिसमें से 176 प्रत्याशी ही मैदान में रह गए हैं। हालांकि शनिवार को मतदान के तुरंत बाद मतगणना शुरू हो जाएगी लेकिन परिणाम रविवार को घोषित किए जाएंगे।